नयी दिल्ली, 18 सितंबर (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार को पर्यावरण और जलवायु पर एक अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे जिसमें पर्यावरण विशेषज्ञ, उच्चतम न्यायालय के न्यायाधीश, कानूनी विशेषज्ञ और वरिष्ठ सरकारी अधिकारी शामिल होंगे।
दो दिन तक चलने वाले इस सम्मेलन का आयोजन राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) द्वारा किया जा रहा है।
एक आधिकारिक बयान के अनुसार इस सम्मेलन में पर्यावरण विशेषज्ञ, भारत के उच्चतम न्यायालय, उच्च न्यायालय, ज़िला अदालतों के न्यायाधीश, विभिन्न मंत्रालयों के सचिव, वरिष्ठ सरकारी अधिकारी, राज्य के न्यायिक संस्थानों के प्रतिनिधि भी शामिल होंगे। इसके अलावा 17 देशों के न्यायाधीश और न्यायिक प्रतिनिधि भी सम्मेलन में हिस्सा लेंगे।
यह सम्मेलन विभिन्न न्यायिक क्षेत्रों में न्यायिक दृष्टिकोण, वैज्ञानिक जानकारी, पर्यावरण से जुड़े कामकाज के तरीकों और संस्थागत अनुभवों के आदान-प्रदान के लिए एक मंच प्रदान करेगा।
सम्मेलन पर्यावरण और जलवायु से जुड़ी अहम चुनौतियों पर बातचीत को बढ़ावा देगा और पर्यावरण से जुड़े कामकाज और संस्थागत सहयोग को मज़बूत करने के तरीकों पर विचार करेगा।
भाषा अविनाश नरेश
नरेश