पुलिस ने गलत दिशा में गाड़ी चलाने के आरोप में टैक्सी चालक को गिरफ्तार किया

Ads

पुलिस ने गलत दिशा में गाड़ी चलाने के आरोप में टैक्सी चालक को गिरफ्तार किया

  •  
  • Publish Date - April 2, 2026 / 10:22 PM IST,
    Updated On - April 2, 2026 / 10:22 PM IST

नयी दिल्ली, दो अप्रैल (भाषा) दिल्ली पुलिस ने द्वारका एक्सप्रेसवे पर गलत दिशा में गाड़ी चलाने और वाहन पर फर्जी रजिस्ट्रेशन नंबर प्लेट लगाने के आरोप में एक टैक्सी चालक को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

द्वारका एक्सप्रेसवे पर भरथल चौक के पास यातायात नियमों का उल्लंघन करते हुए देखे गए एक वाहन के संबंध में एक पुलिस कांस्टेबल द्वारा शिकायत दर्ज कराए जाने के बाद यह कार्रवाई की गई।

यह घटना सोशल मीडिया पर सामने आई थी और इसका एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें दिख रहा था कि गलत दिशा में चल रहे टैक्सी चालक ने अपना वाहन रोक दिया और सड़क पर सही दिशा में चल रहे दूसरे वाहन चालक को अपशब्द कहने शुरू कर दिए।

पुलिस ने बताया कि 31 मार्च को मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान, वाहन के पंजीकृत मालिक को पूछताछ के लिए बुलाया गया। उसने पुलिस को बताया कि उसकी कार उसके घर पर ही खड़ी थी और उसे एक्सप्रेसवे पर नहीं ले जाया गया था।

अधिकारी ने बताया, ‘वायरल वीडियो दिखाए जाने पर उसने चालक की पहचान हरियाणा के रोहतक निवासी अंकित के रूप में की और स्पष्ट किया कि क्लिप में दिख रहे वाहन की छत का रंग अलग है।’

पुलिस ने बताया कि कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर), मोबाइल लोकेशन ट्रैकिंग और स्थानीय स्तर पर पूछताछ के जरिये आगे की जांच के लिए आरोपी को हिरासत में लिया गया। पूछताछ के दौरान अंकित ने खुलासा किया कि उसके वाहन का असली पंजीकरण नंबर कुछ और है।

हालांकि, वाहन के परमिट की अवधि समाप्त होने के कारण, उसने अपने गांव के एक साथी के स्वामित्व वाले दूसरे वाहन का फर्जी पंजीकरण नंबर लगा दिया था और उसका अवैध रूप से इस्तेमाल कर रहा था।

भाषा

नोमान नोमान पारुल

पारुल