कोलकाता, 26 मई (भाषा) कोलकाता में गायक-गीतकार और तृणमूल कांग्रेस के पूर्व सांसद कबीर सुमन के खिलाफ कथित तौर पर महिलाओं का अपमान करने और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली टिप्पणियों के मामले में पुलिस में एक शिकायत दर्ज कराई गई है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
यह शिकायत ‘जातिर कथा’ नामक संगठन द्वारा दर्ज कराई गई है, जिसके सदस्यों का आरोप है कि अनुभवी संगीतकार ने महिलाओं के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया और हिंदू भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली टिप्पणियां कीं।
इस संबंध में संपर्क करने पर पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि गायक के खिलाफ अब तक कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है और कानूनी प्रक्रिया के अनुसार प्रारंभिक जांच की जा रही है।
राज्य सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘नेताजीनगर पुलिस थाने में एक शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है और कानून के अनुसार आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।’
उन्होंने बताया कि यह शिकायत सुमन द्वारा करीब तीन साल पहले एक टेलीविजन कार्यक्रम के दौरान कथित तौर पर की गई कुछ विवादास्पद टिप्पणियों से संबंधित है।
वह पहले तृणमूल कांग्रेस से जुड़े थे और पार्टी के टिकट पर लोकसभा के लिए चुने गए थे।
भाषा सुमित सुरेश
सुरेश