मेरठ में एक लाख रूपये रिश्वत लेते अभियंता और चालक गिरफ्तार

Ads

मेरठ में एक लाख रूपये रिश्वत लेते अभियंता और चालक गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - May 27, 2026 / 01:08 AM IST,
    Updated On - May 27, 2026 / 01:08 AM IST

मेरठ (उप्र), 26 मई (भाषा) मेरठ में राजकीय निर्माण निगम के एक जूनियर इंजीनियर (जेई) और एक चालक को एक लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक आरोपी 25 लाख रुपये का भुगतान जारी करने के बदले रिश्वत मांग रहे थे। उत्तर प्रदेश पुलिस के भ्रष्टाचार निरोधक संगठन (एसीओ) के मेरठ प्रकोष्ठ के प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र कुमार ने बताया कि बागपत निवासी ठेकेदार सत्येंद्र सिंह तोमर ने शिकायत दर्ज कराई थी।

कुमार ने बताया कि शिकायत के अनुसार, निर्माण कार्य पूरा होने के बावजूद उनका करीब 25 लाख रुपये का भुगतान लंबे समय से रोका गया था। आरोप है कि भुगतान जारी कराने के एवज में निगम के जेई योगेंद्र सिंह ने रिश्वत मांगी थी।

शिकायत के बाद एसीओ ने जाल बिछाया और मंगलवार सुबह ठेकेदार को रसायन लगे नोट देकर राजकीय निर्माण निगम के कार्यालय भेजा गया। बताया गया कि जेई ने सीधे रकम लेने के बजाय परियोजना प्रबंधक की गाड़ी के चालक नीरज पाल को पैसे लेने भेजा। जैसे ही चालक ने एक लाख रुपये लिए, टीम ने उसे मौके पर पकड़ लिया। इसके बाद टीम चालक को लेकर कार्यालय पहुंची। वहां मौजूद जेई योगेंद्र सिंह ने निकलने की कोशिश की, लेकिन टीम ने उसे भी हिरासत में ले लिया।

ठेकेदार का आरोप है कि वर्ष 2023 में निर्माण कार्य पूरा होने के बाद भी भुगतान नहीं किया गया। विभिन्न बहाने बनाकर फाइल रोकी गई। पहले 1.70 लाख रुपये की मांग की गई थी, जिसे बाद में घटाकर एक लाख रुपये कर दिया गया। पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई मेडिकल थाना क्षेत्र के राजीवपुरम स्थित राजकीय निर्माण निगम कार्यालय में की गई।

दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है। भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। भाषा सं आनन्द शोभना

शोभना