अलप्पुझा में दुर्घटना पीड़िता के यौन उत्पीड़न के मामले की जांच में चूक से पुलिस का इनकार

अलप्पुझा में दुर्घटना पीड़िता के यौन उत्पीड़न के मामले की जांच में चूक से पुलिस का इनकार

अलप्पुझा में दुर्घटना पीड़िता के यौन उत्पीड़न के मामले की जांच में चूक से पुलिस का इनकार
Modified Date: April 13, 2026 / 11:36 am IST
Published Date: April 13, 2026 11:36 am IST

अलप्पुझा (केरल), 13 अप्रैल (भाषा) अलप्पुझा जिला पुलिस प्रमुख ने राज्य पुलिस प्रमुख को एक रिपोर्ट सौंपी है जिसमें एक दुर्घटना में घायल महिला को कायमकुलम के एक अस्पताल ले जाते समय उसका कथित तौर पर यौन उत्पीड़न किए जाने के मामले की जांच में किसी प्रकार की चूक से इनकार किया गया है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पीड़िता ने आरोप लगाए थे कि जांच सही दिशा में नहीं चल रही है और घटना के एक सप्ताह से अधिक समय बीत जाने के बाद भी न तो उसका बयान दर्ज किया गया है और न ही चिकित्सकीय परीक्षण किया गया है।

पीड़िता के आरोपों के बाद राज्य पुलिस प्रमुख रवाड़ा ए चंद्रशेखर ने अलप्पुझा जिला पुलिस प्रमुख से विस्तृत रिपोर्ट मांगी थी।

चार अप्रैल को महिला एक पारिवारिक मित्र के साथ किसी वाहन में यात्रा कर रही थी और केपीएसी जंक्शन पर एक दुर्घटना का शिकार हो गई थी।

पुलिस ने बताया कि महिला को अस्पताल ले जाए जाते वक्त कायमकुलम के व्यापारी सिनिल सबाद ने कथित तौर पर उसका यौन उत्पीड़न किया।

पुलिस मुख्यालय के सूत्रों के अनुसार, अलप्पुझा जिला पुलिस प्रमुख एमपी मोहनचंद्रन ने रविवार रात चंद्रशेखर को एक रिपोर्ट सौंपी जिसमें कहा गया कि जांच में कोई चूक नहीं हुई है।

अधिकारियों ने बताया कि कायमकुलम पुलिस ने सबाद को जमानत पर रिहा कर दिया क्योंकि उसके खिलाफ लगाए गए आरोप साबित होने पर सात साल से कम की सजा का प्रावधान है।

वहीं पुलिस ने पीड़िता का बयान दर्ज करने के लिए सात अप्रैल को अदालत में याचिका दायर की थी, जो अभी लंबित है। सूत्रों ने बताया कि रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि जांच सही दिशा में आगे बढ़ रही है और गवाहों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं।

महिला ने चिकित्सकों को बताया था कि अस्पताल लाए जाते वक्त सबाद ने उसका यौन उत्पीड़न किया था जिसके बाद कायमकुलम पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया।

कायमकुलम पुलिस ने बताया कि अदालत द्वारा पीड़िता का बयान दर्ज किए जाने के बाद सबाद से दोबारा पूछताछ की जाएगी और जांच के दौरान सामने आए सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

भाषा शोभना मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में