पुलिस ने अकाली दल (वारिस पंजाब दे) के कार्यकर्ताओं पर पानी की बौछारे कीं

Ads

पुलिस ने अकाली दल (वारिस पंजाब दे) के कार्यकर्ताओं पर पानी की बौछारे कीं

  •  
  • Publish Date - July 29, 2026 / 04:56 PM IST,
    Updated On - July 29, 2026 / 04:56 PM IST

चंडीगढ़, 29 जुलाई (भाषा) पंजाब पुलिस ने मुख्यमंत्री भगवंत मान के आवास का घेराव करने की योजना के तहत बुधवार को मोहाली से चंडीगढ़ की ओर मार्च कर रहे अकाली दल (वारिस पंजाब दे) के कार्यकर्ताओं को तितर-बितर करने के लिए पानी की बौछारें कीं।

अकाली दल (वारिस पंजाब दे) के कार्यकर्ताओं को चंडीगढ़ की ओर बढ़ने से रोकने के लिए मोहाली-चंडीगढ़ सीमा पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था।

इस दल ने जेल में बंद खडूर साहिब के सांसद अमृतपाल सिंह और बंदी सिंहों (सिख कैदियों) की रिहाई की मांग को लेकर पंजाब के मुख्यमंत्री के आवास तक मार्च करने की घोषणा की थी।

बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी अमृतपाल सिंह और ‘बंदी सिंहों’ के पोस्टर लेकर पहुंचे। प्रदर्शन में अमृतपाल सिंह के पिता तरसेम सिंह भी शामिल थे।

प्रदर्शनकारी मोहाली स्थित गुरुद्वारा अंब साहिब से मार्च शुरू कर मुख्यमंत्री के आवास की ओर बढ़े।

मोहाली-चंडीगढ़ सीमा पर पुलिस द्वारा लगाए गए अवरोधकों के बावजूद कई प्रदर्शनकारी जबरन आगे बढ़ने में सफल रहे और मुख्यमंत्री आवास की ओर बढ़ गए।

प्रदर्शन के दौरान एक प्रदर्शनकारी पानी की बौछार करने वाले पुलिस वाहन पर भी चढ़ गया।

अकाली दल (वारिस पंजाब दे) अमृतपाल सिंह और ‘बंदी सिंहों’ की रिहाई की मांग कर रहा है।

अमृतपाल सिंह 2023 के अजनाला पुलिस थाना पर हमले के मामले में फिलहाल असम की डिब्रूगढ़ जेल में बंद है। इससे पहले राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) के तहत उसकी हिरासत 22 अप्रैल को समाप्त हो गई थी।

‘बंदी सिंह’ उन सिख कैदियों को कहा जाता है जिन्हें 1990 के दशक में पंजाब में उग्रवाद के दौरान उग्रवादी गतिविधियों में संलिप्तता के लिए दोषी ठहराया गया था।

कई सिख संगठनों का दावा है कि ‘बंदी सिंह’ वे सिख कैदी हैं जो अपनी सजा पूरी होने के बाद भी जेलों में बंद हैं।

भाषा प्रचेता सुरेश

सुरेश