चंडीगढ़, 17 फरवरी (भाषा) हरियाणा के पंचकूला में पुलिस ने मंगलवार को युवा कांग्रेस के प्रदर्शनकारियों पर उस वक्त पानी की बौछार की, जब उन्होंने ‘राज्य लोक सेवा आयोग’ कार्यालय के घेराव के इरादे से अवरोधकों को पार करने की कोशिश की।
कांग्रेस और इसकी युवा इकाई ने आरोप लगाया है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार राज्य के युवाओं के हितों की रक्षा करने में विफल रही है। इसके बाद उन्होंने हरियाणा लोक सेवा आयोग (एचपीएससी) कार्यालय का घेराव करने का फैसला किया था।
रोहतक से कांग्रेस के सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने भी अन्य लोगों के साथ इस प्रदर्शन में भाग लिया। जब प्रदर्शनकारी पंचकूला में आयोग कार्यालय की ओर मार्च करने की कोशिश कर रहे थे, तब पुलिस ने उन्हें कुछ समय के लिए हिरासत में ले लिया।
अंबाला से कांग्रेस सांसद वरुण चौधरी, भारतीय युवा कांग्रेस के अध्यक्ष उदय भानु चिब और हरियाणा युवा कांग्रेस के अध्यक्ष निशित कटारिया ने भी प्रदर्शन में हिस्सा लिया। उन्हें भी थोड़े समय के लिए हिरासत में लिया गया।
हरियाणा युवा कांग्रेस ने यह आरोप लगाते हुए पंचकूला में आयोग के कार्यालय का घेराव करने का निर्णय लिया कि बाहरी राज्यों के उम्मीदवार ज्यादातर सरकारी नौकरियां पा रहे हैं।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि हरियाणा लोक सेवा आयोग सभी विज्ञापित पदों को भरने में असमर्थ है।
पंचकूला पुलिस ने आयोग के कार्यालय के बाहर अवरोधक लगाये थे। युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इसे पार करने का प्रयास किया, जिसकी वजह से पुलिस को पानी की बौछार का इस्तेमाल करना पड़ा।
हुड्डा ने पत्रकारों से बातचीत में आरोप लगाया कि कई पद खाली हैं और जो पद भरे भी जा रहे हैं, वे (पद) राज्य के बाहर के युवाओं को दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘हम यहां हरियाणा के युवाओं के हितों की रक्षा करने आए हैं।’’
चौधरी ने कहा कि एचपीएससी राज्य के युवाओं के लिए ‘‘अस्वीकृति आयोग’’ बन गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि हरियाणा की भाजपा सरकार राज्य के युवाओं के हितों की रक्षा करने में सक्षम नहीं है।
भाषा सुरेश मनीषा
मनीषा