तेजपुर, नौ अप्रैल (भाषा) असम के सोनितपुर जिले में विधानसभा चुनाव के बीच बृहस्पतिवार को एक मतदान अधिकारी मृत पाए गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि देबेन होरो (45) को नादुआर विधानसभा क्षेत्र में द्वितीय मतदान अधिकारी के रूप में तैनात किया गया था।
एक अधिकारी ने कहा, “होरो को डोलापानी एलपी स्कूल स्थित मतदान केंद्र संख्या-230 में तैनात किया गया था। बृहस्पतिवार सुबह वह अपने बिस्तर पर अचेत अवस्था में मिले। उन्हें एम्बुलेंस से नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।”
उन्होंने बताया कि मृत्यु के कारण की अभी पुष्टि नहीं हुई है, हालांकि चिकित्सकों को संदेह है कि किसी पुरानी बीमारी के कारण उनकी मौत हुई।
अधिकारियों के अनुसार, होरो चारिदुआर राजस्व सर्कल के डोपडोपी कचारी गांव के निवासी थे और एक सरकारी स्कूल में सहायक शिक्षक के रूप में कार्यरत थे।
इस घटना का मतदान प्रक्रिया पर कोई असर नहीं पड़ा और संबंधित मतदान केंद्र पर सुबह सात बजे निर्धारित समय पर मतदान शुरू हो गया। होरो के स्थान पर एक अन्य कर्मचारी को तैनात कर दिया गया।
असम की 126 सदस्यीय विधानसभा के लिए मतदान शाम पांच बजे तक जारी रहेगा, जबकि मतगणना चार मई को होगी।
भाषा खारी मनीषा
मनीषा