इंफाल, दो सितंबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद संबित पात्रा ने बुधवार को कहा कि मणिपुर के लोगों की आकांक्षाओं के लिहाज से राज्य में 2027 की जनगणना को टालने का फैसला एक बड़ा कदम है।
भाजपा के पूर्वोत्तर समन्वयक पात्रा ने इंफाल में संवाददाताओं से कहा कि वह इस फैसले के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का धन्यवाद करते हैं। उन्होंने बताया कि यह फैसला दिल्ली में मणिपुर के मुख्यमंत्री वाई. खेमचंद और राज्यपाल अजय कुमार भल्ला की मौजूदगी में हुई उच्चस्तरीय बैठक के बाद लिया गया।
पात्रा ने कहा, ‘‘मेरा मानना है कि जनगणना को टालना मणिपुर के लोगों की आकांक्षाओं के लिहाज से एक बड़ा कदम है। हम इस फैसले का स्वागत करते हैं। मुझे उम्मीद है कि हमें यह समझना चाहिए कि केंद्र सरकार हमेशा मणिपुर के हित में काम करने की कोशिश करती रहती है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मोदी सरकार के दिल में मणिपुर के लिए विशेष स्थान है।’’
उन्होंने अपनी समस्याओं को उठाने के लिए नागरिक समाज संगठनों (सीएसओ) और इस मुद्दे पर दिल्ली में शाह से मुलाकात करने वाले आठ विधायकों का भी धन्यवाद किया।
पात्रा ने कहा, ‘‘उन्होंने दिल्ली में यह मुद्दा उठाया और आज इसका नतीजा हमारे सामने है।’’
राष्ट्रीय नागरिक पंजी (एनआरसी) को अद्यतन करने की मांग के बारे में पूछे जाने पर पात्रा ने कहा कि इस संबंध में फैसला ‘‘उचित समय पर’’ केंद्रीय गृह मंत्री के स्तर पर लिया जाएगा।
उन्होंने कहा, ‘‘पहली मांग जनगणना को टालने की थी और वह पूरी हो गई है।’’
जनगणना से पहले एनआरसी को अद्यतन करने से जुड़ी नागरिक समाज के संगठनों की मांग को ध्यान में रखते हुए सोमवार को केंद्र ने मणिपुर में जनगणना का काम टाल दिया।
यह फैसला राज्य में जनगणना के तहत मकानों की सूची बनाने का काम एक सितंबर से शुरू होने से एक दिन पहले लिया गया।
भाषा
प्रचेता संतोष
संतोष