बड़े पैमाने पर योग दिवस मनाने की हो रही तैयारी, कोलकाता में होगा मुख्य कार्यक्रम: जाधव
बड़े पैमाने पर योग दिवस मनाने की हो रही तैयारी, कोलकाता में होगा मुख्य कार्यक्रम: जाधव
कोलकाता, 18 जून (भाषा) आयुष राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव ने बृहस्पतिवार को कहा कि भारत अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 बहुत बड़े पैमाने पर मनाने की तैयारी कर रहा है और इसका मुख्य राष्ट्रीय कार्यक्रम 21 जून को कोलकाता के रेड रोड पर आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शामिल होंगे।
यहां आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जाधव ने कहा कि इस वर्ष की थीम ‘योग फॉर हेल्दी एजिंग’ बदलती जीवनशैली और उम्रदराज होती आबादी के संदर्भ में योग की बढ़ती उपयोगिता को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि योग न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है, बल्कि मानसिक स्थिरता और भावनात्मक संतुलन बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
उन्होंने कहा, ‘‘यह सिर्फ़ एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि भारत की ज्ञान परंपरा के उस राष्ट्रीय उत्सव की शुरुआत है, जिसने दुनिया को संतुलन, शांति और सर्वांगीण कल्याण का एक सशक्त मार्ग दिखाया है।’’
मंत्री ने कहा कि योग अब भारत की सांस्कृतिक विरासत का हिस्सा होने से कहीं आगे बढ़कर, सेहत और तंदुरुस्ती के लिए एक वैश्विक आंदोलन के रूप में उभरा है।
उन्होंने कहा कि भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद (आईसीसीआर) दुनिया भर में लगभग 1,300 स्थानों पर अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के कार्यक्रम आयोजित कर रही है, जो योग की बढ़ती वैश्विक स्वीकार्यता को दर्शाता है।
जाधव ने कहा कि आयुष मंत्रालय ने ‘‘योग 365’’ पहल शुरू की है, ताकि लोगों को योग को केवल एक दिन तक सीमित रखने के बजाय, इसे पूरे साल अपनी रोज़मर्रा की जिंदगी का हिस्सा बनाने के लिए प्रोत्साहित किया जा सके।
बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी का जिक्र करते हुए जाधव ने बताया कि 14 जून को आयोजित एक खास ऑनलाइन योग कार्यक्रम में 4.35 लाख लोगों ने एक साथ योग किया, जिससे एक नया गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बना।
उन्होंने यह भी बताया कि संस्कृति मंत्रालय देश भर की 100 प्रमुख विरासत और ऐतिहासिक जगहों पर खास योग कार्यक्रम आयोजित कर रहा है।
मंत्री ने 21 जून के कार्यक्रम के लिए सहयोग और तैयारियों को लेकर पश्चिम बंगाल सरकार का धन्यवाद किया तथा राज्य के प्रयासों की सराहना की।
भाषा आशीष नेत्रपाल
नेत्रपाल

Facebook


