राष्ट्रपति मुर्मू फिजी, न्यूजीलैंड और तिमोर-लेस्ते की छह दिवसीय यात्रा पर रवाना हुईं
राष्ट्रपति मुर्मू फिजी, न्यूजीलैंड और तिमोर-लेस्ते की छह दिवसीय यात्रा पर रवाना हुईं
नयी दिल्ली, चार अगस्त (भाषा) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू रविवार को फिजी, न्यूजीलैंड और तिमोर-लेस्ते की छह दिवसीय यात्रा पर रवाना हुईं।
अधिकारियों के अनुसार वह फिजी के राष्ट्रपति विलियम मैवालिली कटोनिवेरे के निमंत्रण पर पांच से सात अगस्त तक वहां की यात्रा करेंगी।
मुर्मू फिजी में कटोनिवेरे और प्रधानमंत्री सिटिवेनी राबुका के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगी। उनका फिजी की संसद को संबोधित करने और सदस्यों से बातचीत करने का भी कार्यक्रम है। फिजी की संसद के कई सदस्य भारतीय मूल के हैं।
राष्ट्रपति भवन ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू फिजी, न्यूजीलैंड और तिमोर-लेस्ते की राजकीय यात्रा पर रवाना हो रही हैं। यह किसी भारतीय राष्ट्राध्यक्ष की फिजी और तिमोर-लेस्ते की पहली यात्रा होगी।’
अधिकारियों ने बताया कि मुर्मू द्वीपीय देश के गवर्नर जनरल सिंडी कीरो के निमंत्रण पर आठ और नौ अगस्त को न्यूजीलैंड की राजकीय यात्रा पर जाएंगी। यह आठ वर्षों के बाद भारत के किसी राष्ट्रपति की न्यूजीलैंड की पहली यात्रा है।
गवर्नर-जनरल के साथ द्विपक्षीय बैठक के अलावा, मुर्मू प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन और न्यूजीलैंड के उप प्रधानमंत्री एवं विदेश मंत्री विंस्टन पीटर्स के साथ भी बैठक करेंगी।
न्यूजीलैंड के गवर्नर जनरल कीरो राष्ट्रपति की यात्रा के सम्मान में भोज का आयोजन करेंगे।
इसके बाद 10 अगस्त को मुर्मू लोकतांत्रिक गणराज्य तिमोर-लेस्ते जाएंगी। वहां वह राष्ट्रपति होर्ता के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगी तथा भारतीय समुदाय के सदस्यों से बातचीत करेंगी।
भाषा शुभम रंजन
रंजन

Facebook


