राष्ट्रपति मुर्मू 19 से 25 जुलाई तक मोल्दोवा, उत्तरी मकदूनिया और रोमानिया की यात्रा करेंगी

Ads

राष्ट्रपति मुर्मू 19 से 25 जुलाई तक मोल्दोवा, उत्तरी मकदूनिया और रोमानिया की यात्रा करेंगी

  •  
  • Publish Date - July 17, 2026 / 07:28 PM IST,
    Updated On - July 17, 2026 / 07:28 PM IST

नयी दिल्ली, 17 जुलाई (भाषा) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मोल्दोवा, उत्तरी मकदूनिया और रोमानिया के साथ द्विपक्षीय संबंधों को प्रगाढ़ बनाने के लिए 19 से 25 जुलाई तक इन देशों की राजकीय यात्रा करेंगी। विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

विदेश मंत्रालय ने बताया कि मुर्मू की तीन देशों की यात्रा यूरोप के साथ भारत के व्यापक जुड़ाव और यूरोपीय संघ के साथ रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत बनाती है।

विदेश मंत्रालय के सचिव (पश्चिम) सिबी जॉर्ज ने यहां संवाददाताओं को बताया, ‘‘तीन देशों की यह यात्रा ऐतिहासिक रूप से बहुत महत्वपूर्ण है, क्योंकि यह किसी भारतीय राष्ट्रपति की मोल्दोवा गणराज्य और उत्तरी मकदूनिया गणराज्य की पहली द्विपक्षीय यात्रा है।’’

मंत्रालय ने कहा कि मुर्मू की रोमानिया यात्रा तीन दशक से अधिक समय में किसी भारतीय राष्ट्रपति का इस देश का पहला राजकीय दौरा होगा। पिछली बार ऐसी यात्रा 1994 में हुई थी।

जॉर्ज ने कहा, ‘‘तीन देशों की यह यात्रा मध्य और पूर्वी यूरोप के साथ भारत के बढ़ते जुड़ाव को प्रदर्शित करती है और इस क्षेत्र के देशों के साथ अपनी साझेदारी को मजबूत करने के हमारे संकल्प को फिर से दोहराती है। यह यूरोप के साथ भारत के व्यापक जुड़ाव और यूरोपीय संघ के साथ रणनीतिक साझेदारी को भी आगे बढ़ाती है।’’

राष्ट्रपति मुर्मू मोल्दोवा की राष्ट्रपति माया संदू के निमंत्रण पर 20 जुलाई को इस पूर्वी यूरोपीय देश की यात्रा करेंगी। यह किसी भारतीय राष्ट्रपति का मोल्दोवा का पहला दौरा होगा।

अपनी यात्रा के दौरान, राष्ट्रपति मुर्मू अपने समकक्ष से मुलाकात करेंगी और प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता करेंगी।

वह मोल्दोवा गणराज्य की संसद के अध्यक्ष इगोर ग्रोसु से भी मुलाकात करेंगी।

विदेश मंत्रालय ने बताया कि राष्ट्रपति मुर्मू मोल्दोवा-भारत संसदीय मैत्री समूह के सदस्यों से भी बातचीत करेंगी, एक ‘बिजनेस फोरम’ को संबोधित करेंगी और प्रवासी भारतीयों से भी मिलेंगी।

उत्तरी मकदूनिया की राष्ट्रपति गोर्डाना सिलजानोव्स्का-दावकोवा के निमंत्रण पर, राष्ट्रपति मुर्मू 21 और 22 जुलाई को इस देश का दौरा करेंगी। विदेश मंत्रालय ने बताया कि किसी भारतीय राष्ट्रपति का उत्तरी मकदूनिया का यह पहला दौरा होगा।

मंत्रालय ने बताया कि राष्ट्रपति मुर्मू, राष्ट्रपति दावकोवा के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगी, प्रधानमंत्री ह्रिस्टिजन मिकोस्कोवस्की और संसद के अध्यक्ष से मुलाकात करेंगी और उत्तरी मकदूनिया की संसद को संबोधित करेंगी।

वह भारत-उत्तरी मकदूनिया ‘बिजनेस फोरम’ को भी संबोधित करेंगी।

विदेश मंत्रालय ने कहा, ‘‘दोनों पक्षों की कृषि, फार्मास्यूटिकल्स, विज्ञान और प्रौद्योगिकी, सूचना प्रौद्योगिकी और इससे जुड़ी सेवाएं जैसे प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में आर्थिक संबंध मजबूत करने में गहरी रुचि है।’’

विदेश मंत्रालय के अनुसार, रोमानिया के राष्ट्रपति निकुसोर डैन के निमंत्रण पर मुर्मू 23 से 25 जुलाई तक इस देश की यात्रा करेंगी। तीन दशक से भी अधिक समय के बाद किसी भारतीय राष्ट्रपति का इस दक्षिण-पूर्वी यूरोपीय देश का पहला दौरा होगा।

राष्ट्रपति मुर्मू भारत-रोमानिया ‘बिजनेस फोरम’ को भी संबोधित करेंगी और प्रवासी भारतीयों से बातचीत करेंगी।

विदेश मंत्रालय ने कहा, ‘‘रोमानिया यूरोपीय संघ में एक अहम साझेदार है और भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते के पूरा होने से आगामी वर्षों में दोनों देशों के बीच आर्थिक साझेदारी और मजबूत होगी।’’

मंत्रालय के अनुसार, मुर्मू का इन तीन देशों का दौरा यह प्रदर्शित करता है कि भारत इन देशों के साथ अपने द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने और इस क्षेत्र के साथ संबंधों को कितना महत्व देता है।

भाषा सुभाष सुरेश

सुरेश