राष्ट्रपति मुर्मू ने एयर फोर्स बाल भारती स्कूल का दौरा किया

Ads

राष्ट्रपति मुर्मू ने एयर फोर्स बाल भारती स्कूल का दौरा किया

  •  
  • Publish Date - July 29, 2026 / 05:24 PM IST,
    Updated On - July 29, 2026 / 05:24 PM IST

नयी दिल्ली, 29 जुलाई (भाषा) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बुधवार को यहां लोधी रोड स्थित एयर फोर्स बाल भारती स्कूल का दौरा किया और छात्रों से उत्कृष्टता हासिल करने, मजबूत नैतिक मूल्यों को बनाए रखने तथा देश की प्रगति में सार्थक योगदान देने का आह्वान किया।

पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी) के रक्षा प्रकोष्ठ की ओर से साझा की गई जानकारी के अनुसार, राष्ट्रपति ने अपने दौरे के दौरान छात्रों के साथ विशेष संवाद किया।

भारतीय वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल ए. पी. सिंह और एयर फोर्स फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन की अध्यक्ष सरिता सिंह ने राष्ट्रपति के स्कूल पहुंचने पर उनका स्वागत किया।

राष्ट्रपति के दौरे की शुरुआत स्कूल की ओर से उनके गर्मजोशी से स्वागत के साथ हुई। इसके बाद छात्रों ने एक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया।

दौरे का मुख्य आकर्षण राष्ट्रपति और छात्रों के बीच संवाद रहा। राष्ट्रपति मुर्मू ने छात्रों को समर्पण के साथ उत्कृष्टता प्राप्त करने, मजबूत नैतिक मूल्यों को बनाए रखने और देश की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान देने के लिए प्रेरित किया।

पीआईबी के बयान के अनुसार, राष्ट्रपति ने स्कूल में आयोजित कला प्रदर्शनी भी देखी। इस प्रदर्शनी में जूनियर और सीनियर कक्षाओं के छात्रों की कलाकृतियां प्रदर्शित की गई थीं जो स्कूल में विकसित की जा रही रचनात्मकता और कलात्मक प्रतिभा को दर्शाती हैं।

बयान में कहा गया कि राष्ट्रपति ने स्कूल के अत्याधुनिक बुनियादी ढांचे, शैक्षणिक उत्कृष्टता के प्रति उसकी प्रतिबद्धता और जिम्मेदार भविष्य के नागरिकों के निर्माण के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।

भाषा अमित नरेश

नरेश