(तस्वीरों के साथ )
भुवनेश्वर, पांच अगस्त (भाषा) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बुधवार को ओडिशा के गंजाम जिले में एक शिव मंदिर में पूजा-अर्चना की और फिर एक विशेष ट्रेन से भुवनेश्वर लौट आईं।
गोलाबंधा स्थित ‘आर्मी एयर डिफेंस कॉलेज’ में रात्रि प्रवास के बाद राष्ट्रपति ने पास के ही एक शिव मंदिर में पूजा-अर्चना की।
इसके बाद वह राष्ट्रपति के लिए विशेष रूप से निर्धारित ट्रेन से भुवनेश्वर लौट आईं।
मुर्मू मंगलवार को इसी ट्रेन से गंजाम जिले में गई थीं। अधिकारियों ने बताया कि यह विशेष ट्रेन यात्रा भारत मौसम विज्ञान विभाग द्वारा ओडिशा में भारी मानसूनी बारिश के पूर्वानुमान को ध्यान में रखते हुए आयोजित की गई थी।
गंजाम के कलेक्टर कीर्ति वासन वी ने बताया कि राष्ट्रपति के दौरे के लिए भुवनेश्वर और ब्रह्मपुर रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।
भुवनेश्वर लौटने के बाद मुर्मू नयी दिल्ली के लिए रवाना हो गईं।
वह भारतीय वायुसेना के एक खास विमान से बीजू पटनायक अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा से रवाना हुईं।
उन्हें विदा करने के लिए हवाई अड्डा पर राज्यपाल हरि बाबू कम्भमपति, मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी, मुख्य सचिव अनु गर्ग, डीजीपी वाईबी खुरानिया और दूसरे वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
अपनी तीन दिन की यात्रा के दौरान, मुर्मू ने कटक में जगत गुरु कृपालु विश्वविद्यालय का उद्घाटन किया और ब्रह्मपुर का दौरा किया, जहां उन्होंने मां कंधुनी देवी के आदिवासी मंदिर और तप्तपानी के शिव मंदिर में पूजा-अर्चना की।
भाषा संतोष नरेश
नरेश