(फाइल फोटो सहित)
नयी दिल्ली, दो फरवरी (भाषा) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से फोन पर बात की। माना जा रहा कि दोनों देशों के बीच आई तल्खी दूर करने के प्रयासों के तहत यह पहल की गई।
भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने सोशल मीडिया पर एक संक्षिप्त पोस्ट में यह जानकारी दी। हालांकि उन्होंने बातचीत का विस्तृत विवरण नहीं दिया।
ट्रंप और मोदी के बीच फोन पर यह बातचीत उस दिन हुई, जब विदेश मंत्री एस जयशंकर ने अमेरिका की तीन दिवसीय यात्रा शुरू की।
गोर ने पोस्ट में लिखा, ‘‘राष्ट्रपति ट्रंप ने अभी प्रधानमंत्री मोदी से बात की है। और ज्यादा जानकारी के लिए जुड़े रहें।’’
इस बातचीत पर भारत की ओर से अभी तक कोई टिप्पणी नहीं आई है।
पिछले कुछ हफ्तों में दोनों पक्षों ने संबंधों में तल्खी को दूर करने और प्रस्तावित द्विपक्षीय व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने की दिशा में आगे बढ़ने के प्रयास किए हैं। जयशंकर की अमेरिका यात्रा को भी काफी हद तक इसी संदर्भ में देखा जा रहा है।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, जयशंकर महत्वपूर्ण खनिज आपूर्ति श्रृंखला पर अमेरिका के नेतृत्व में आयोजित मंत्रिस्तरीय बैठक में भाग लेने के लिए वहां जा रहे हैं।
भारत-अमेरिका के संबंध ट्रंप द्वारा भारतीय वस्तुओं पर शुल्क को दोगुना करके 50 प्रतिशत तक बढ़ाने के बाद से गंभीर तनाव में हैं। इसमें भारत द्वारा रूसी कच्चे तेल की खरीद पर 25 प्रतिशत अतिरिक्त शुल्क भी शामिल है।
शुल्क के मुद्दे के अलावा, कई अन्य मुद्दों पर भी संबंधों में गिरावट देखी गई, जिनमें पिछले साल मई में ट्रंप द्वारा भारत-पाकिस्तान संघर्ष को समाप्त करने का दावा और अमेरिका की नयी आव्रजन नीति शामिल है।
आधिकारिक सूत्रों ने पिछले सप्ताह कहा था कि भारत और अमेरिका ने व्यापार समझौते के लिए बातचीत में ‘‘बहुत महत्वपूर्ण’’ प्रगति की है।
भाषा आशीष संतोष
संतोष