प्रधानमंत्री मोदी के कटआउट की पूजा वाले कार्यक्रम से प्रेस क्लब ऑफ इंडिया ने किया किनारा

प्रधानमंत्री मोदी के कटआउट की पूजा वाले कार्यक्रम से प्रेस क्लब ऑफ इंडिया ने किया किनारा

प्रधानमंत्री मोदी के कटआउट की पूजा वाले कार्यक्रम से प्रेस क्लब ऑफ इंडिया ने किया किनारा
Modified Date: August 20, 2026 / 07:05 pm IST
Published Date: August 20, 2026 7:05 pm IST

नयी दिल्ली, 20 अगस्त (भाषा) प्रेस क्लब ऑफ इंडिया में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कटआउट की पूजा किए जाने से जुड़े कथित वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से प्रसारित होने के बाद पत्रकारों के संगठन ने बृहस्पतिवार को स्पष्ट किया कि उसने इस कार्यक्रम का आयोजन नहीं किया था और बुकिंग की शर्तों का उल्लंघन होने पर इसे रुकवा दिया था।

सोशल मीडिया पर प्रसारित तस्वीरों और वीडियो में प्रधानमंत्री मोदी के कटआउट को भगवान के समान दर्शाते हुए उनके सामने ‘मोदी चालीसा’ नामक भक्ति रचना का पाठ करते हुए दिखाया गया। इसको लेकर आलोचना बढ़ने के बाद प्रेस क्लब ऑफ इंडिया ने कार्यक्रम के आयोजन से खुद को अलग कर लिया।

प्रेस क्लब ऑफ इंडिया ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘प्रेस क्लब ऑफ इंडिया के संज्ञान में आया है कि आज उसके परिसर में आयोजित एक कार्यक्रम की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहे हैं। यह स्पष्ट किया जाता है कि क्लब ने इस कार्यक्रम का आयोजन नहीं किया था।’’

उसने कहा, ‘‘एक संगठन ने संवाददाता सम्मेलन आयोजित करने के लिए सभागार किराये पर लिया था, लेकिन जब उसके द्वारा स्थान किराये पर लेने की शर्तों का उल्लंघन किया गया तो क्लब प्रबंधन ने तुरंत हस्तक्षेप किया और इसे रोक दिया गया।’’

इस कार्यक्रम के आयोजक और बिहार राज्य किन्नर कल्याण बोर्ड के उपाध्यक्ष राजन सिंह ने कहा कि वह बिहार में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का मंदिर बनाने की योजना बना रहे हैं।

राजन सिंह ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘पहली बार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सुनिश्चित किया कि ट्रांसजेंडर समुदाय को उसके अधिकार मिले… अगर हम उनके लिए मंदिर बनाना चाहते हैं तो इसमें गलत क्या है?’’

उन्होंने कहा कि बिहार राज्य किन्नर कल्याण बोर्ड बिहार में पांच एकड़ जमीन पर 112 करोड़ रुपये की लागत से ‘भगवान श्री नरेन्द्र मोदी जी’ का विशाल मंदिर बनाएगा।

प्रधानमंत्री को भगवान के रूप में प्रस्तुत किए जाने की आलोचना के बारे में पूछे जाने पर सिंह ने कहा, ‘‘किसी को इसकी आलोचना नहीं करनी चाहिए… इस सरकार ने पहली बार ट्रांसजेंडर लोगों को अधिकार दिए हैं और उन्हें रोजगार मिल रहा है।’’

सिंह ने ट्रांसजेंडर व्यक्ति (अधिकारों का संरक्षण) संशोधन अधिनियम को लेकर दावा किया कि ट्रांसजेंडर समुदाय इसका विरोध नहीं कर रहा है।

उन्होंने कहा, ‘‘ट्रांसजेंडर लोग इस कानून के खिलाफ नहीं हैं, इसकी आलोचना विपक्ष कर रहा था।’’

भाषा रवि कांत प्रशांत

प्रशांत


लेखक के बारे में