न्यायालय में पैरोल याचिका पर सुनवाई के दिन सज्जन कुमार का निधन

न्यायालय में पैरोल याचिका पर सुनवाई के दिन सज्जन कुमार का निधन

न्यायालय में पैरोल याचिका पर सुनवाई के दिन सज्जन कुमार का निधन
Modified Date: August 20, 2026 / 08:28 pm IST
Published Date: August 20, 2026 8:28 pm IST

नयी दिल्ली, 20 अगस्त (भाषा) दिल्ली में 1984 में हुए सिख-विरोधी दंगों के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे कांग्रेस के पूर्व सांसद सज्जन कुमार का बृहस्पतिवार को निधन हो गया। उच्चतम न्यायालय में आज ही उनकी उस अर्जी पर सुनवाई होनी थी, जिसमें उन्होंने अपनी बीमार पत्नी की देखभाल के लिए चिकित्सा आधार पर तीन हफ्ते की पैरोल मांगी थी।

जेल में बंद पूर्व सांसद ने अपनी बीमार पत्नी की स्वास्थ्य स्थिति का हवाला देते हुए तीन हफ्ते की पैरोल के लिए उच्चतम न्यायालय का रुख किया था। इस याचिका पर सुनवाई बृहस्पतिवार को होनी थी।

वाद सूची के अनुसार, कुमार की याचिका पर नियमित सूची में सुनवाई होनी थी, लेकिन उस पर सुनवाई नहीं हो सकी।

कुमार (84) को सुबह करीब 11 बजे सफदरजंग अस्पताल लाया गया। उस समय वह चैतन्य अवस्था में नहीं थे। उन्हें तुरंत भर्ती कर लिया गया और डॉक्टरों ने उन्हें बचाने के लिए जरूरी चिकित्सा एवं जीवन रक्षक उपाय किये। हालांकि उन्हें बचाया नहीं जा सका।

अस्पताल के मुताबिक, दोपहर 12:30 बजे उनका निधन हो गया।

तिहाड़ जेल में बंद कुमार को उच्च रक्तचाप और पार्किंसंस की बीमारी थी और उन्हें पहले भी कई बार अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

दिल्ली में 1984 के दंगों के दौरान पांच सिखों की हत्या और एक गुरुद्वारे को जलाने के मामले में दिल्ली उच्च न्यायालय द्वारा उम्रकैद की सजा सुनाए जाने के बाद से कुमार 2018 से जेल में थे।

उच्च न्यायालय ने 17 दिसंबर, 2018 को, दिल्ली की पालम कॉलोनी में एक और दो नवंबर, 1984 को हुई हत्याओं के मामले में कुमार को दोषी ठहराया था।

तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की 31 अक्टूबर 1984 को उनके सिख अंगरक्षकों द्वारा हत्या किए जाने के बाद दंगे भड़क उठे थे। इन दंगों में देश भर में हज़ारों लोगों की मौत हुई और दिल्ली सबसे बुरी तरह प्रभावित इलाकों में से एक थी।

भाषा

प्रशांत नरेश

नरेश


लेखक के बारे में