मुख्यमंत्री सतीशन पर टीवी चैनल के प्रबंध निदेशक की टिप्पणी के पीछे ‘दबाव की रणनीति’: कांग्रेस नेता

मुख्यमंत्री सतीशन पर टीवी चैनल के प्रबंध निदेशक की टिप्पणी के पीछे ‘दबाव की रणनीति’: कांग्रेस नेता

मुख्यमंत्री सतीशन पर टीवी चैनल के प्रबंध निदेशक की टिप्पणी के पीछे ‘दबाव की रणनीति’: कांग्रेस नेता
Modified Date: September 19, 2026 / 06:50 pm IST
Published Date: September 19, 2026 6:50 pm IST

कोच्चि, 19 सितंबर (भाषा) कांग्रेस नेता राजू पी. नायर ने केरलम के मुख्यमंत्री वी.डी. सतीशन के बारे में कथित टिप्पणी करने को लेकर एक मलयालम टेलीविजन चैनल के प्रबंध निदेशक (एमडी) के खिलाफ दर्ज मामले में शनिवार को यहां पुलिस के सामने अपना बयान दर्ज कराया।

यह मामला नायर की शिकायत पर दर्ज किया गया था। उन्होंने सतीशन को बदनाम करने की कथित साजिश की जांच की मांग की थी। यह मामला ‘रिपोर्टर ब्रॉडकास्टिंग कंपनी’ के प्रबंध निदेशक एंटो ऑगस्टीन के बयानों के बाद सामने आया, जिसमें उन्होंने कहा था कि दो लोग उनके पास सतीशन की दूसरी शादी से जुड़े कथित दस्तावेज लेकर आए थे, जिनके बारे में बाद में आरोप लगाया गया कि वे जाली थे।

तिरुवनंतपुरम सिटी साइबर पुलिस थाने ने शुरू में यह मामला दर्ज किया था, जिसे बाद में यहां के कलामासेरी पुलिस थाने में स्थानांतरित कर दिया गया।

नायर शनिवार सुबह पुलिस थाना पहुंचे और अपना बयान दिया।

अपना बयान देने के बाद उन्होंने पत्रकारों से कहा, “मैंने पुलिस के सामने यह शक जताया है कि यह खुलासा दबाव बनाने की एक चाल का हिस्सा था। इसके पीछे की साजिश की जांच होनी चाहिए।”

नायर ने कहा कि ऑगस्टीन की ये बातें तब सामने आई जब आरबीसी के प्रायोजन में अर्जेंटीना और स्टार खिलाड़ी लियोनेल मेस्सी के बीच फुटबॉल मैच कराने की नाकाम कोशिश की जांच के लिए एक विशेष जांच दल बनाया गया।

उन्होंने कहा, “अगर ऑगस्टीन को यकीन था कि उन्हें मिले दस्तावेज फर्जी हैं, तो उन्हें इस मामले की रिपोर्ट पुलिस को करनी चाहिए थी। इसलिए मुझे शक है कि मुख्यमंत्री को बदनाम करने के लिए किए गए इस खुलासे के पीछे कोई साजिश है।”

वायनाड में एसआईटी की छापेमारी के दौरान एक घर में तय सीमा से ज्यादा शराब मिलने पर आबकारी अधिकारियों ने ऑगस्टीन को गिरफ्तार कर लिया।

हालांकि, ऑगस्टीन ने दावा किया कि जिस घर से शराब जब्त की गई, वह उनका नहीं था।

भाषा प्रशांत संतोष

संतोष


लेखक के बारे में