प्रधानमंत्री मोदी रविवार को विकसित वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम 2026 के प्रतिभागियों से संवाद करेंगे
प्रधानमंत्री मोदी रविवार को विकसित वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम 2026 के प्रतिभागियों से संवाद करेंगे
नयी दिल्ली, 25 जुलाई (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी रविवार को ‘विकसित वाइब्रेंट विलेज’ (वीवीवी) कार्यक्रम-2026 के प्रतिभागियों से डिजिटल माध्यम से संवाद करेंगे। इस कार्यक्रम में लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के 74 वाइब्रेंट गांवों को शामिल किया गया है।
एक आधिकारिक बयान के अनुसार, विकसित वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम को ‘माय भारत’ के माध्यम से लागू किया जा रहा है। इसकी परिकल्पना प्रधानमंत्री के उस दृष्टिकोण को साकार करने के लिए की गई है, जिसके तहत भारत के सीमावर्ती गांवों को देश के प्रथम गांव मानते हुए उन्हें विकसित भारत की यात्रा का सक्रिय भागीदार बनाया जा रहा है।
‘माय भारत’ युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत एक स्वायत्त संगठन है।
विकसित वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम-2026 का आयोजन दो चरणों में चार जून से 30 जून 2026 तक किया गया। इस दौरान लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के 74 वाइब्रेंट गांवों को शामिल किया गया।
इस कार्यक्रम के लिए देशभर के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों का प्रतिनिधित्व करने वाले 400 से अधिक युवाओं का चयन किया गया। इन प्रतिभागियों का चयन एक राष्ट्रव्यापी ऑनलाइन प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के माध्यम से हुआ, जिसमें तीन लाख से अधिक युवाओं ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम के तहत प्रतिभागियों ने स्थानीय समुदायों के साथ रहकर स्वच्छता अभियान, सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता अभियान, युवा सम्मेलन, सांस्कृतिक आदान-प्रदान कार्यक्रम, वृक्षारोपण अभियान, ‘मिनी मॉडल’ पंचायत का अभ्यास, स्थानीय कारीगरों से संवाद तथा रणनीतिक महत्व वाले संस्थानों का भ्रमण जैसी विभिन्न गतिविधियों में भाग लिया।
इस कार्यक्रम के माध्यम से प्रतिभागियों को भारत के सीमावर्ती क्षेत्रों की सामाजिक-आर्थिक परिस्थितियों, सांस्कृतिक विरासत और विकास संबंधी आकांक्षाओं को निकट से समझने का अवसर मिला। साथ ही, इसने सामुदायिक भागीदारी, राष्ट्रीय एकता तथा सीमावर्ती गांवों के रणनीतिक महत्व के प्रति गहरी समझ विकसित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
भाषा गोला सुभाष
सुभाष

Facebook


