जयपुर, तीन जुलाई (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार को राजस्थान आएंगे तथा पेट्रोरसायन, शहरी परिवहन, रेलवे, सड़क, नवीकरणीय उर्जा जैसे क्षेत्रों की विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे या उनकी आधारशिला रखेंगे। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि अपने दौरे के दौरान मोदी बालोतरा के पचपदरा में देश का पहला ग्रीनफील्ड एकीकृत ‘रिफाइनरी-सह-पेट्रोकेमिकल’ परिसर राष्ट्र को समर्पित करेंगे।
अधिकारियों के अनुसार दुनिया की सबसे उन्नत रिफाइनरी में से एक यह परियोजना देश के लिए पेट्रोरसायन क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
इस रिफाइनरी परियोजना का उद्घाटन मोदी द्वारा अप्रैल में किया जाना था लेकिन एक दिन पहले वहां भीषण आग लग गई थी जिसके कारण कार्यकल टल गया। अब यह परियोजना उद्घाटन के लिए तैयार है।
आधिकारिक बयान के अनुसार प्रधानमंत्री अपनी यात्रा की शुरुआत जोधपुर से करेंगे जहां वह जोधपुर हवाई अड्डे के नए टर्मिनल भवन का उद्घाटन करेंगे और क्षेत्रीय हवाई संपर्क को मजबूत करने के उद्देश्य से बदली हुई ‘उड़ान’ योजना शुरू करेंगे।
बयान के अनुसार 480 करोड़ रुपये की लागत से बने नए टर्मिनल भवन को सालाना 20 लाख यात्रियों को संभालने के लिए बनाया गया है। इसी तरह संशोधित ‘उड़ान’ योजना के तहत केंद्र सरकार ने अगले 10 साल में क्षेत्रीय हवाई सेवाओं के विस्तार के लिए 28,840 करोड़ रुपये तय किए हैं।
बयान में कहा गया है कि प्रधानमंत्री बाद में बालोतरा जाएंगे जहां वह लगभग 1.06 लाख करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे और उनकी आधारशिला रखेंगे। वह जनसभा को भी संबोधित करेंगे।
इस यात्रा का मुख्य बिंदु पचपदरा में भारत के पहले ग्रीनफील्ड एकीकृत ‘रिफाइनरी-सह-पेट्रोकेमिकल’ परिसर को राष्ट्र को समर्पित करना है। हिन्दुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड तथा राजस्थान सरकार के संयुक्त उद्यम के रूप में विकसित नौ मिलियन मीट्रिक टन प्रति वर्ष (एमएमटीपीए) क्षमता वाली ‘ग्रीनफील्ड रिफाइनरी-सह-पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स’ 79,459 करोड़ रुपये के निवेश से स्थापित की गई है। इस परियोजना ने 2.4 एमएमटीपीए पेट्रोरसायन क्षमता के साथ रिफाइनिंग और पेट्रोरसायन उत्पादन को एकीकृत किया है। इस रिफाइनरी में कच्चे तेल से विभिन्न पेट्रोलियम उत्पादों का उत्पादन भी प्रारंभ हो चुका है।
अधिकारियो के अनुसार यह परिसर भारत की ईंधन क्षमता को सुदृढ़ बनाने, पेट्रोरसायन क्षेत्र में आत्मनिर्भरता बढ़ाने तथा औद्योगिक विकास को गति प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। यह पेट्रोरसायन एवं प्लास्टिक पार्क के विकास के लिए एक आधारभूत उद्योग के रूप में भी काम करेगा।
मोदी जयपुर मेट्रो रेल परियोजना के दूसरे चरण की आधारशिला भी रखेंगे जिसकी अनुमानित लागत 13,000 करोड़ रुपये से ज़्यादा है। इस 41 किलोमीटर लंबे उत्तर-दक्षिण गलियारे में 36 स्टेशन होंगे। प्रधानमंत्री चूरू-सादुलपुर और चूरू-रतनगढ़ रेल दोहरीकरण परियोजनाओं (कुल 104 किलोमीटर, लागत लगभग 900 करोड़ रुपये) को देश को समर्पित करेंगे। इसके अलावा, वह राष्ट्रीय राजमार्ग -125ए जोधपुर रिंग रोड सेक्शन-II (करवड़-डांगियावास) परियोजना (लागत लगभग 740 करोड़ रुपये) को चार लेन किए जाने का उद्घाटन भी करेंगे।
मोदी एसजेवीएन लिमिटेड के 1,000 मेगावाट बीकानेर सौर उर्जा परियोजना (निवेश लगभग 5,500 करोड़ रुपये) और एनएचपीसी के 300 मेगावाट करणीसर बीकानेर सौर उर्जा संयंत्र को भी देश को समर्पित करेंगे।
इस कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री राजस्थान सरकार के विभिन्न विभागों में हाल में भर्ती हुए लगभग 54,000 कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र भी सौंपेंगे।
भाषा पृथ्वी राजकुमार
राजकुमार