प्रधानमंत्री का संबोधन आगामी चुनावों में राजनीतिक लाभ प्राप्त करने का प्रयास: कुलदीप राठौर

प्रधानमंत्री का संबोधन आगामी चुनावों में राजनीतिक लाभ प्राप्त करने का प्रयास: कुलदीप राठौर

प्रधानमंत्री का संबोधन आगामी चुनावों में राजनीतिक लाभ प्राप्त करने का प्रयास: कुलदीप राठौर
Modified Date: April 21, 2026 / 01:11 am IST
Published Date: April 21, 2026 1:11 am IST

शिमला, 20 अप्रैल (भाषा) कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता कुलदीप राठौर ने सोमवार को महिला आरक्षण पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक संबोधन की आलोचना करते हुए कहा कि यह आगामी विधानसभा चुनावों में लाभ प्राप्त करने के लिए दिया गया चुनावी भाषण जैसा प्रतीत होता है।

राठौर ने यहां मीडियाकर्मियों से बात करते हुए कहा, “जब प्रधानमंत्री मोदी राष्ट्र को संबोधित करते हैं तो देश एक बड़ी घोषणा की उम्मीद करता है। लेकिन इस बार अपने 29 मिनट के भाषण में उन्होंने महिला आरक्षण के मुद्दे पर कांग्रेस और विपक्षी दलों को निशाना बनाया।”

उन्होंने कहा, “उनका (मोदी) भाषण चुनावी रैली के भाषण जैसा अधिक था, खासकर ऐसे समय में जब तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में चुनाव हो रहे हैं।”

राठौर ने कहा कि महिला आरक्षण विधेयक संसद द्वारा 2023 में सर्वसम्मति से पारित किया जा चुका था और राष्ट्रपति की मंजूरी भी मिल चुकी थी।

उन्होंने कहा, “भाजपा जानती थी कि इस विधेयक को पारित करने के लिए उसके पास दो-तिहाई बहुमत नहीं है फिर भी उसने विशेष सत्र बुलाया। यह पूरा मामला विपक्ष को महिला विरोधी के रूप में चित्रित करने की एक पूर्व नियोजित रणनीति थी, जबकि वास्तविकता में कांग्रेस पार्टी ने महिलाओं को राजनीतिक अधिकार दिलाने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई है।”

भाषा शुभम जितेंद्र

जितेंद्र


लेखक के बारे में