जल जीवन मिशन के तहत बकाया राशि जारी करे केंद्र : प्रियंका गांधी

Ads

जल जीवन मिशन के तहत बकाया राशि जारी करे केंद्र : प्रियंका गांधी

  •  
  • Publish Date - March 12, 2026 / 05:06 PM IST,
    Updated On - March 12, 2026 / 05:06 PM IST

वायनाड, 12 मार्च (भाषा) कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाद्रा ने केंद्र सरकार से आग्रह किया है कि जल जीवन मिशन के तहत किए गए कार्यों की बकाया राशि जल्द जारी करे।

कांग्रेस द्वारा जारी बयान के अनुसार केरल के वायनाड से लोकसभा सदस्य प्रियंका ने केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल को पत्र लिखा। इसमें उन्होंने आग्रह किया है कि इस परियोजना के तहत काम करने वाले ठेकेदारों के बकाया का भुगतान जल्द से जल्द किया जाए।

अपने पत्र में उन्होंने बताया कि केवल वायनाड जिले में ही 133.27 करोड़ रुपये का बकाया भुगतान लंबित है।

प्रियंका ने कहा कि बकाया भुगतान न मिलने के कारण ठेकेदार नयी परियोजनाएं नहीं ले रहे हैं और कई जगहों पर जारी कार्य भी रुके हुए हैं।

सांसद ने यह भी कहा कि चूंकि केंद्र सरकार ने जल जीवन मिशन को 2028 तक बढ़ा दिया है, इसलिए स्वीकृत परियोजनाओं को पूरा करने के लिए आवश्यक राशि तुरंत जारी की जानी चाहिए।

यह परियोजना 2019 में शुरू की गई थी ताकि ग्रामीण भारत के सभी घरों में सुरक्षित और पर्याप्त पीने का पानी नल कनेक्शन के माध्यम से उपलब्ध कराया जा सके।

भाषा रंजन पवनेश

पवनेश