प्रस्तावित भारत-अमेरिका व्यापार समझौते में किसानों के हितों का रखा जाएगा ध्यान : ढिल्लों

Ads

प्रस्तावित भारत-अमेरिका व्यापार समझौते में किसानों के हितों का रखा जाएगा ध्यान : ढिल्लों

  •  
  • Publish Date - July 21, 2026 / 09:07 PM IST,
    Updated On - July 21, 2026 / 09:07 PM IST

चंडीगढ़, 21 जुलाई (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पंजाब इकाई के अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने प्रस्तावित भारत-अमेरिका व्यापार समझौते का विरोध कर रहे किसानों से मंगलवार को नहीं घबराने की अपील करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भरोसा दिलाया है कि उनके हितों से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।

उन्होंने यहां एक बयान में कहा कि केंद्र सरकार ने बार-बार यह स्पष्ट किया है कि धान, गेहूं, दाल, दूध और अन्य कृषि उत्पादों को प्रस्तावित व्यापार समझौते के दायरे से पूरी तरह बाहर रखा जाएगा।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि अभी तक समझौते के मसौदे को अंतिम रूप नहीं दिया गया और केवल बातचीत चल रही है। उन्होंने कहा कि इसलिए किसानों के गुमराह होने या अफवाहों का शिकार होने की कोई वजह नहीं है।

ढिल्लों का यह बयान ऐसे समय आया है, जब किसानों ने प्रस्तावित भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के खिलाफ दिल्ली में ‘किसान महापंचायत’ विरोध प्रदर्शन करने की योजना बनाई थी।

हालांकि, पंजाब से राष्ट्रीय राजधानी की ओर जा रहे किसानों को मंगलवार को शंभू बॉर्डर पर रोक दिया गया। हरियाणा पुलिस ने पड़ोसी राज्य में प्रवेश करने वाली जगह पर अवरोधक और सीमेंट के ढांचे खड़े कर दिये हैं।

भाजपा नेता ने राज्य में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप)और मुख्य विपक्षी कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि इन दलों ने हमेशा किसानों के नाम पर राजनीति की है और लगातार दुष्प्रचार किया है।

उन्होंने कहा कि इसके उलट भाजपा हमेशा चट्टान की तरह किसानों के साथ मजबूती से खड़ी रही है और भविष्य में भी ऐसा ही करती रहेगी।

ढिल्लों ने पंजाब के सभी किसानों से अपील की कि वे गलत जानकारी और दुष्प्रचार से सावधान रहें और प्रधानमंत्री के मजबूत नेतृत्व पर पूरा भरोसा रखें।

उन्होंने कहा कि अगर किसी किसान संगठन को कोई संदेह या आशंका है, तो सरकार के साथ बातचीत करने के लिए उनका स्वागत है।

भाषा धीरज दिलीप

दिलीप