दिल्ली के पहाड़गंज में देह व्यापार गिरोह का भंडाफोड़, चार गिरफ्तार
दिल्ली के पहाड़गंज में देह व्यापार गिरोह का भंडाफोड़, चार गिरफ्तार
नयी दिल्ली, 22 सितंबर (भाषा) दिल्ली पुलिस ने पहाड़गंज इलाके में एक ‘स्पा’ में कथित देह व्यापार गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए चार लोगों को गिरफ्तार किया और आठ महिलाओं को मुक्त कराया। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि परिसर में कथित अवैध गतिविधियों के बारे में सूचना मिलने के बाद सोमवार शाम को एक इमारत की दूसरी और तीसरी मंजिल पर छापेमारी की गई।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ‘स्पा’ मालिक 27 वर्षीय विवेक कुमार, प्रबंधक दशरथ मंडल (36), अमन (20) और गुड्डु कर्माक (27) के तौर पर हुई है।
एक अधिकारी ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस ने एक टीम गठित की और सूचना को सत्यापित करने के लिए एक उप-निरीक्षक को नकली ग्राहक बनाकर भेजा।
उन्होंने बताया कि कथित अवैध गतिविधियों की पुष्टि होने के बाद, पुलिस टीम ने सोमवार शाम करीब सात बजे ‘स्पा’ पर छापा मारा और परिसर से आठ महिलाओं को मुक्त कराया।
पुलिस ने बताया कि मुक्त कराई गई महिलाओं की उम्र 22 से 34 साल के बीच है और वे दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब, पश्चिम बंगाल और नेपाल से हैं।
पुलिस ने बताया कि अनैतिक तस्करी (रोकथाम) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत नबी करीम थाने में एक प्राथमिकी दर्ज की गई है।
भाषा नोमान नोमान अविनाश
अविनाश

Facebook


