जयपुर, 19 मई (भाषा) पर्यावरणविद् विरल देसाई ने मंगलवार को पर्यावरण संरक्षण को “आधुनिक सत्याग्रह” करार देते हुए युवाओं से जलवायु कार्रवाई में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।
जेईसीआरसी विश्वविद्यालय में आयोजित ‘सस्टेनेबिलिटी इम्पैक्ट एंड इनोवेशन समिट’ में देसाई ने कहा कि पर्यावरण की रक्षा करना वर्तमान समय का “सबसे बड़ा क्रांति आंदोलन” है।
उन्होंने कहा, “युवाओं को केवल दर्शक बने रहने से आगे बढ़कर नवाचार को सत्याग्रह की भावना के साथ जोड़ते हुए पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदार बनना चाहिए।”
देसाई ने अपने “प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन के खिलाफ सत्याग्रह” अभियान का उल्लेख किया, जिसे उन्होंने सूरत और गुजरात के अन्य हिस्सों में शुरू किया है। उनके अनुसार, इस पहल ने सैकड़ों युवाओं को “पर्यावरण सेनानी” के रूप में तैयार किया है जो जलवायु कार्रवाई में जुटे हैं।
कार्यक्रम में अतिरिक्त मुख्य सचिव अजिताभ शर्मा भी उपस्थित रहे।
भाषा बाकोलिया राजकुमार
राजकुमार