‘दिमागी नक्सल’ होने पर गर्व है : केजरीवाल

‘दिमागी नक्सल’ होने पर गर्व है : केजरीवाल

‘दिमागी नक्सल’ होने पर गर्व है : केजरीवाल
Modified Date: August 17, 2026 / 03:40 pm IST
Published Date: August 17, 2026 3:40 pm IST

नयी दिल्ली, 17 अगस्त (भाषा) आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को कहा कि उन्हें ‘दिमागी नक्सल’ होने पर गर्व है, क्योंकि वह एक ‘सच्चे देशभक्त’ हैं और भारतीय जनता पार्टी से नहीं डरते।

पिछले हफ़्ते 80वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर लाल किले की प्राचीर से अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि देश जंगलों से हथियारबंद नक्सलवाद को खत्म करने में सफल रहा है, लेकिन उन्होंने चेतावनी दी कि इसके वैचारिक समर्थक हिंसा और अराजकता को बढ़ावा देने के मौके तलाश रहे हैं।

मोदी ने कहा, “हम जंगलों से हथियारबंद नक्सलियों को हटाने में तो कामयाब रहे हैं, लेकिन ‘दिमागी नक्सली’ हिंसा और अशांति फैलाने के मौके तलाश रहे हैं… वे समाज को गलत रास्ते पर ले जाना चाहते हैं।”

खुद को ‘दिमागी नक्सल’ बताते हुए केजरीवाल ने कहा कि उन्हें ऐसा होने पर गर्व है।

केजरीवाल ने एक वीडियो संदेश में कहा, “प्रधानमंत्री मोदी के मुताबिक, जो लोग सवाल उठाने की हिम्मत करते हैं, वे ‘दिमागी नक्सली’ हैं और उन्हें भाजपा से डर नहीं लगता। अगर भगत सिंह और बीआर आंबेडकर आज जिंदा होते, तो प्रधानमंत्री के अनुसार उन्हें भी ‘दिमागी नक्सली’ कहा जाता।”

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि जो लोग भ्रष्टाचार-मुक्त अच्छी व्यवस्था, जल निकासी और अच्छे अस्पतालों जैसी बेहतर सुविधाएं चाहते हैं, उन्हें मोदी ‘दिमागी नक्सली’ कहेंगे।

केजरीवाल ने कहा, “मैं सच्चा देशभक्त हूं; इसलिए आपके (मोदी) हिसाब से मैं ‘दिमागी नक्सल’ हूं। अगर कोई भारत के खिलाफ कुछ भी कहता है, तो मैं पूरी ताकत से उसका विरोध करूंगा।”

इससे पहले, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी. चिदंबरम ने प्रधानमंत्री मोदी की ‘दिमागी नक्सल’ वाली टिप्पणी पर उन पर निशाना साधा और कहा, “मुझे ‘दिमागी नक्सल’ होने पर गर्व है।”

भाषा प्रशांत दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में