पुणे के युवक की हत्या कर बीड में फेंका शव, दो दोस्त गिरफ्तार

Ads

पुणे के युवक की हत्या कर बीड में फेंका शव, दो दोस्त गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - September 27, 2026 / 05:39 PM IST,
    Updated On - September 27, 2026 / 05:39 PM IST

बीड (महाराष्ट्र), 27 सितंबर (भाषा) पुणे में रहने वाले अपने एक दोस्त की दो लोगों ने कथित तौर पर गला घोंटकर हत्या करने के बाद शव को महाराष्ट्र के बीड जिले में एक पहाड़ी पर फेंक दिया। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि हत्या का मकसद अभी स्पष्ट नहीं है और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी पुणे जिले के शिकरापुर स्थित अभिषेक नामदेव करकंबे (23) के घर पहुंचे और उसे घूमने के बहाने अपने साथ ले गए तथा कथित तौर पर उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी।

उन्होंने बताया कि इसके बाद वे शव को चार पहिया वाहन से पुणे से करीब 200 किलोमीटर दूर बीड जिले की आष्टी तहसील ले गए और बीड-अहिल्यानगर राज्य राजमार्ग पर कनिफनाथ घाट से लगी घनी झाड़ियों में फेंककर फरार हो गए।

अधिकारी के अनुसार, जब अभिषेक घर नहीं लौटा तो उसके पिता ने उसके दोस्तों से पूछताछ की, लेकिन उन्होंने टालमटोल करते हुए भ्रामक जवाब दिए।

उन्होंने बताया कि शुक्रवार सुबह बीड जिले की अंभोरा पुलिस को कनिफनाथ घाट में एक अज्ञात शव पड़े होने की सूचना मिली, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को बरामद किया।

पुलिस ने शव को काडा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में रखवाया और उसकी पहचान स्थापित करने के लिए तस्वीरें सोशल मीडिया पर प्रसारित कीं।

अधिकारी ने बताया कि मृतक की पहचान शिकरापुर निवासी अभिषेक के रूप में होने के बाद उसके पिता ने शनिवार को शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि इसके बाद पुलिस ने उसके दो दोस्तों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की।

उन्होंने बताया कि पुलिस हत्या के कारणों का पता लगाने के लिए जांच कर रही है।

भाषा

शुभम नरेश

नरेश