पंजाब और हरियाणा भीषण गर्मी की चपेट में, तापमान 45 डिग्री के पार
पंजाब और हरियाणा भीषण गर्मी की चपेट में, तापमान 45 डिग्री के पार
चंडीगढ़, 21 मई (भाषा) पंजाब और हरियाणा में पिछले कुछ दिनों से जारी भीषण गर्मी का असर बृहस्पतिवार को भी बरकरार रहा। अधिकारियों ने बताया कि पंजाब का फरीदकोट और हरियाणा का सिरसा दोनों राज्यों में सबसे गर्म स्थान रहे।
मौसम विभाग के अनुसार फरीदकोट में अधिकतम तापमान 45.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि सिरसा में पारा 45.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
दोनों राज्यों के कई अन्य हिस्सों में भी लू का प्रकोप जारी रहा और तापमान सामान्य से काफी ऊपर दर्ज किया गया।
पंजाब और हरियाणा की साझा राजधानी चंडीगढ़ में भी भीषण गर्मी का दौर जारी रहा और अधिकतम तापमान 44.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से चार डिग्री अधिक था।
हरियाणा में रोहतक का अधिकतम तापमान 45.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से पांच डिग्री अधिक रहा।
अंबाला में तापमान 44.2 डिग्री सेल्सियस, हिसार में 44.3 डिग्री सेल्सियस और करनाल में 43.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भिवानी में भी अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि गुरुग्राम में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
पंजाब में बठिंडा भी भीषण गर्मी की चपेट में रहा, जहां तापमान 45.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
पटियाला में तापमान 44.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से पांच डिग्री अधिक था।
लुधियाना में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से चार डिग्री अधिक था, जबकि अमृतसर में अधिकतम तापमान 41.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
भाषा
राखी नरेश
नरेश

Facebook


