‘बंधुआ मजदूरों’ वाली टिप्पणी पर पंजाब विधानसभा में कांग्रेस विधायक खैरा के खिलाफ प्रस्ताव पारित

Ads

'बंधुआ मजदूरों' वाली टिप्पणी पर पंजाब विधानसभा में कांग्रेस विधायक खैरा के खिलाफ प्रस्ताव पारित

  •  
  • Publish Date - March 12, 2026 / 09:32 PM IST,
    Updated On - March 12, 2026 / 09:32 PM IST

चंडीगढ़, 12 मार्च (भाषा) पंजाब विधानसभा ने बृहस्पतिवार को कांग्रेस विधायक सुखपाल सिंह खैरा के खिलाफ विशेषाधिकार हनन के मामले को सदन की विशेषाधिकार समिति को भेजने का प्रस्ताव पारित किया। खैरा पर आरोप है कि उन्होंने आम आदमी पार्टी के सदस्यों को ‘बंधुआ मजदूर’ कहा था।

सदन में उस समय तीखी बहस भी देखने को मिली जब बागी शिरोमणि अकाली दल (शिअद) विधायक सुखविंदर कुमार सुखी ने कांग्रेस पर निशाना साधा।

यहां जारी बजट सत्र के शून्यकाल के दौरान इस मामले को उठाते हुए वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने खैरा पर आम आदमी पार्टी के विधायकों के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप लगाया।

सदन में प्रस्ताव पेश करते हुए चीमा ने कहा कि खैरा ने 10 मार्च को एक सोशल मीडिया पोस्ट में आप विधायकों, मंत्रियों और विधानसभा अध्यक्ष को ‘बंधुआ मजदूर’ कहकर जन प्रतिनिधियों का ‘अपमान’ किया।

उन्होंने कहा, ‘इस तरह की भाषा संवैधानिक रूप से निर्वाचित प्रतिनिधियों की गरिमा को ठेस पहुंचाती है और जनता द्वारा दिए गए जनादेश का अपमान करती है। यह मामला 11 मार्च को और भी गंभीर हो गया जब विधायक सुखपाल सिंह खैरा को सदन में अपने बयानों पर स्पष्टीकरण देने और माफी मांगने का अवसर दिया गया, लेकिन उन्होंने अपने शब्दों को वापस लेने से साफ इनकार कर दिया।’

उन्होंने कहा कि इस तरह का आचरण विशेषाधिकार का उल्लंघन है और इस मामले को विस्तृत जांच के लिए विशेषाधिकार समिति को भेजा जाना चाहिए।

चीमा ने बताया कि प्रस्ताव में 11 मार्च को विपक्ष के सदन से बाहर निकलने के दौरान विधायक खैरा द्वारा किए गए ‘अत्यंत आपत्तिजनक’ शारीरिक हाव-भाव की कड़ी निंदा की गई है। उन्होंने कहा कि ये हाव-भाव संसदीय मर्यादा के बिल्कुल विपरीत थे और खैरा के साथी कांग्रेस विधायकों ने भी इन हरकतों को देखा था।

चीमा ने कहा, ‘इस तरह के हावभाव गली-मोहल्लों की लड़ाई में देखने को मिलते हैं। मैंने अपने जीवन में कभी ऐसे हावभाव नहीं देखे।’

भाषा

शुभम रंजन

रंजन