पंजाब: मान के काफिले की ओर शराब की बोतल, अंडे दिखाकर इशारा करने के आरोप में बिट्टू हिरासत में

Ads

पंजाब: मान के काफिले की ओर शराब की बोतल, अंडे दिखाकर इशारा करने के आरोप में बिट्टू हिरासत में

  •  
  • Publish Date - September 19, 2026 / 06:16 PM IST,
    Updated On - September 19, 2026 / 06:16 PM IST

लुधियाना, 19 सितंबर (भाषा) पंजाब पुलिस ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू को फिरोजपुर रोड पर मुख्यमंत्री भगवंत मान के काफिले के गुजरने के दौरान शराब की बोतल, अंडे और टमाटर दिखाकर इशारा करने के मामले में शनिवार को हिरासत में ले लिया।

पंजाब कृषि विश्वविद्यालय के बाहर शराब की बोतल पकड़े हुए बिट्टू ने चिल्लाकर कहा कि वह “बोतल लौटा रहे हैं” ताकि मान “शराब का मजा ले सकें, जबकि आम आदमी पार्टी (आप) के दूसरे नेता पंजाब को लूटें”।

भाजपा नेता ने यह भी दावा किया कि वह उन अंडों और टमाटरों को लौटा रहे हैं, जो शुक्रवार को पठानकोट में उनकी पार्टी की नशा-विरोधी यात्रा में शामिल होने जाते समय पंजाब के बटाला के पास उनके काफिले पर फेंके गए थे।

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने नशा-विरोधी यात्रा की शुरुआत की है।

बिट्टू ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं ने हमले में उनकी गाड़ियों को नुकसान पहुंचाया। बिट्टू ने कहा, “अगर वे हम पर अंडे और टमाटर फेंकेंगे, तो हम भी जवाब देंगे। अगर ‘आप’ भाजपा की यात्राओं का विरोध करती है, तो भाजपा भी लोकतांत्रिक तरीके से मुख्यमंत्री का विरोध करेगी। हम चुप नहीं बैठेंगे।”

उन्होंने कहा कि भाजपा उन जगहों के बाहर शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन करेगी जहां मुख्यमंत्री के कार्यक्रम होंगे और पुलिस की कार्रवाई राजनीतिक विरोध को दबा नहीं सकती।

पूर्व केंद्रीय मंत्री ने दावा किया कि आप के 100 से ज्यादा कार्यकर्ताओं ने उनके काफिले को निशाना बनाया था और उस पर पत्थर एवं अंडे फेंके थे।

बिट्टू ने आरोप लगाया, ‘‘दो एस्कॉर्ट गाड़ियों की खिड़की का शीशा टूट गया। उन्होंने जैमर गाड़ी को भी नुकसान पहुंचाया।’’

भाषा प्रशांत सुरेश

सुरेश