पंजाब निकाय चुनाव: गुरदासपुर और दीनानगर में कांग्रेस, शाम चौरासी में ‘आप’ की जीत

Ads

पंजाब निकाय चुनाव: गुरदासपुर और दीनानगर में कांग्रेस, शाम चौरासी में ‘आप’ की जीत

  •  
  • Publish Date - June 14, 2026 / 01:07 AM IST,
    Updated On - June 14, 2026 / 01:07 AM IST

चंडीगढ़, 13 जून (भाषा) पंजाब में शनिवार को हुए चार नगर परिषदों के चुनावों में कांग्रेस ने गुरदासपुर और दीनानगर में जीत दर्ज की, जबकि सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) ने शाम चौरासी नगर परिषद चुनाव में विजय हासिल की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

वहीं, कादियां नगर परिषद में शिरोमणि अकाली दल (शिअद) सबसे बड़ा दल बनकर उभरा।

गुरदासपुर जिले की गुरदासपुर, दीनानगर और कादियां नगर परिषदों तथा होशियारपुर जिले की शाम चौरासी नगर परिषद के लिए शनिवार को मतदान हुआ था। चुनाव परिणाम शाम को घोषित किए गए।

गुरदासपुर नगर परिषद में कांग्रेस ने 29 में से 22 वार्ड में जीत दर्ज की।

दीनानगर नगर परिषद में कांग्रेस ने आठ वार्ड में जीत हासिल की, जबकि आम आदमी पार्टी को चार और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को एक वार्ड में सफलता मिली।

कादियां नगर परिषद में शिरोमणि अकाली दल ने छह वार्ड जीते। कांग्रेस को चार, आम आदमी पार्टी को दो, निर्दलीय उम्मीदवारों को दो तथा भाजपा को एक वार्ड में जीत मिली।

शाम चौरासी नगर परिषद के नौ वार्डों में से आम आदमी पार्टी ने छह वार्ड में जीत दर्ज की। कांग्रेस को दो वार्ड में सफलता मिली, जबकि एक वार्ड निर्दलीय उम्मीदवार के खाते में गया।

पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने गुरदासपुर और दीनानगर में पार्टी की जीत पर कार्यकर्ताओं को बधाई दी।

भाषा खारी आशीष

आशीष