कोलकाता, 13 जून (भाषा) पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने शनिवार को कहा कि राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूत करना और रोजगार के लिए निवेश लाना जरूरी है और दावा किया कि भाजपा सरकार में सुधरी कानून-व्यवस्था का असर दिखने लगा है।
यहां शाम को बंगाल विकास फोरम द्वारा आयोजित एक सम्मान समारोह में शुभेंदु ने कहा कि सरकार लचीली भूमि नीतियों और बेहतर पुलिसिंग के जरिए राज्य को व्यापार के अनुकूल बनाने की दिशा में काम कर रही है।
उन्होंने कहा, ‘‘बंगाल की अर्थव्यवस्था को मजबूत करना होगा। व्यापार और उद्योग के अनुकूल सरकार, लचीली भूमि नीति और अच्छी कानून-व्यवस्था के जरिए निवेश लाना होगा।’’
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने भारत-बांग्लादेश सीमा पर बाड़ लगाने के लिए सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) को जमीन देना शुरू कर दिया है और दावा किया कि 12 निरुद्ध केंद्र स्थापित किए गए हैं तथा 5,000 अवैध प्रवासियों को वापस भेजा जा चुका है।
उन्होंने कहा, ‘‘यह काम जो शुरू हुआ है, उसे ठीक से पूरा किया जाएगा।’’
उद्यमियों से रोजगार सृजन का आग्रह करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘बंगाल में जहां भी गरीबी है उसे मिटाना होगा। हमें बंगाल को फिर से खड़ा करना है। राज्य में दो करोड़ से अधिक पढ़े-लिखे बेरोजगार युवा हैं, जबकि एक करोड़ प्रवासी मजदूर और उच्च कुशल शिक्षित लोग राज्य छोड़ चुके हैं।’’
उन्होंने उद्यमियों से राज्य में निवेश कर रोजगार सृजन का आग्रह किया और आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती तृणमूल कांग्रेस सरकार ने बंगाल की औद्योगिक नीव को ही खोखला कर दिया।
भाषा खारी रंजन
रंजन