पंजाब के मुख्यमंत्री मान ने ‘आप’ सांसद के खिलाफ ईडी की छापेमारी की निंदा की

Ads

पंजाब के मुख्यमंत्री मान ने ‘आप’ सांसद के खिलाफ ईडी की छापेमारी की निंदा की

  •  
  • Publish Date - April 15, 2026 / 11:08 AM IST,
    Updated On - April 15, 2026 / 11:08 AM IST

चंडीगढ़, 15 अप्रैल (भाषा) पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बुधवार को आम आदमी पार्टी (आप) के राज्यसभा सदस्य अशोक मित्तल से जुड़े व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की छापेमारी की कड़ी निंदा करते हुए आरोप लगाया कि भाजपा ने इस राज्य में आगामी विधानसभा चुनावों के लिए अपनी ‘‘तैयारियां’’ शुरू कर दी हैं।

अधिकारियों ने बताया कि ईडी ने विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (फेमा) के तहत जांच के सिलसिले में पंजाब में मित्तल से जुड़े व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर तलाशी ली।

हाल ही में मित्तल को राज्यसभा में आम आदमी पार्टी का उपनेता नियुक्त किया गया है। उन्होंने सांसद राघव चड्ढा का स्थान लिया है। वह फगवाड़ा स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के कुलाधिपति भी हैं।

छापेमारी पर प्रतिक्रिया देते हुए, मान ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘भाजपा ने पंजाब चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है। ‘आप’ के राज्यसभा सदस्य अशोक मित्तल के घर और विश्वविद्यालय पर ईडी की छापेमारी… यह मोदी का विशिष्ट अंदाज है।’’

इसी पोस्ट में एक प्रसिद्ध दोहे को उद्धृत करते हुए मुख्यमंत्री ने लिखा, ‘‘हम वो पत्ते नहीं, जो शाख से टूट कर गिर जाएंगे। आंधियों को कह दो, अपनी औकात में रहें।’’

पंजाब में अगले साल की शुरुआत में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं।

भाषा गोला मनीषा

मनीषा