पंजाब कांग्रेस प्रमुख वडिंग ने मुख्यमंत्री मान के इस्तीफे की मांग की

Ads

पंजाब कांग्रेस प्रमुख वडिंग ने मुख्यमंत्री मान के इस्तीफे की मांग की

  •  
  • Publish Date - July 9, 2026 / 09:56 PM IST,
    Updated On - July 9, 2026 / 09:56 PM IST

चंडीगढ़, नौ जुलाई (भाषा) कांग्रेस की पंजाब इकाई के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री भगवंत मान के इस्तीफे की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) सरकार राज्य में हो रहे सिलसिलेवार बम धमाकों पर रोक लगाने में विफल रही है और इन घटनाओं को लेकर पुलिस के हाथ अभी कुछ नहीं लगा है।

मोगा में एक पुलिस थाने पर हुए बम हमले पर प्रतिक्रिया देते हुए वडिंग ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री और पंजाब के गृह मंत्री, दोनों भूमिकाओं में भगवंत मान विफल रहे हैं।

उन्होंने दावा किया कि सरकार बार-बार हो रहे विस्फोटों को सामान्य घटनाओं की तरह ले रही है और उन्होंने इससे पहले जालंधर और अमृतसर में हुई धमाकों की घटनाओं का भी उल्लेख किया।

पंजाब पुलिस की प्रभावशीलता पर सवाल उठाते हुए वडिंग ने कहा कि अगर कानून का कोई डर न होने के कारण पुलिस थानों को ही बार-बार निशाना बनाया जा रहा है, तो आम नागरिकों की सुरक्षा गंभीर चिंता का विषय है।

वडिंग ने यह भी कहा कि उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर पंजाब में कथित रूप से बिगड़ती कानून-व्यवस्था की स्थिति पर चिंता जताई है और हस्तक्षेप की मांग की है।

उन्होंने ‘आप’ पर यह भी आरोप लगाया कि नगर निकाय चुनावों में कांग्रेस के सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरने के बावजूद, कपूरथला में महापौर पद और श्री चमकौर साहिब में नगर परिषद अध्यक्ष पद हासिल करके उसने “जनता के जनादेश को कमजोर किया है’’।

वडिंग ने आरोप लगाया कि ‘आप’ ने मतदाताओं द्वारा दिए गए लोकतांत्रिक जनादेश का सम्मान करने के बजाय चुनाव के बाद राजनीतिक जोड़तोड़ का सहारा लिया।

उन्होंने दावा किया कि कपूरथला नगर निगम चुनाव में कांग्रेस ने 50 में से 31 सीट जीतीं, जबकि ‘आप’ को 11 सीटें मिलीं। शिरोमणि अकाली दल और भाजपा ने तीन-तीन सीट जीतीं, जबकि दो सीट निर्दलीय उम्मीदवारों के खाते में गईं।

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के स्पष्ट बहुमत के बावजूद ‘आप’ अपने उम्मीदवार को महापौर निर्वाचित कराने में सफल रही।

भाषा

देवेंद्र माधव

माधव