अमृतसर, 30 मार्च (भाषा) पंजाब के अमृतसर में राजसांसी इलाके के कुछ ग्रामीणों द्वारा रविवार व सोमवार की दरमियानी रात को सुनी गई तेज धमाके जैसी आवाज की जांच शुरू कर दी गयी है। पुलिस ने यह जानकारी दी।
अमृतसर ग्रामीण पुलिस जिले के राजसांसी इलाके में भिंडी-सैधान पुलिस थाने के पास रहने वाले ग्रामीणों ने दावा किया कि उन्होंने रात में तेज आवाज सुनी, जिससे आसपास के इलाकों में दहशत फैल गई।
पुलिस ने बताया कि किसी भी प्रकार की जानमाल की हानि की सूचना नहीं है और मामले की जांच जारी है। पुलिस ने थाने की इमारत या थाना परिसर को कोई नुकसान नहीं होने की पुष्टि की।
फोरेंसिक विशेषज्ञों समेत पुलिस की कई टीम मामले की जांच कर रही हैं।
एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस इलाके के सीसीटीवी फुटेज की भी जांच कर रही है।
पहले भी पंजाब में थानों को निशाना बनाकर ग्रेनेड हमले हो चुके हैं।
भाषा जितेंद्र अमित
अमित