चंडीगढ़, 12 मार्च (भाषा) तिहरे हत्याकांड और मादक पदार्थों की तस्करी के मामलों में वांछित एवं एक मध्य एशियाई देश से निर्वासित एक भगोड़े को गिरफ्तार कर लिया गया। पंजाब पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
उसकी अंतरराष्ट्रीय गतिविधियों पर नजर रखने और उन्हें प्रतिबंधित करने के लिए एक रेड नोटिस (रेड कॉर्नर नोटिस) और लुक-आउट सर्कुलर जारी किया गया था।
पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘सीमा पार संगठित अपराध के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए पंजाब पुलिस ने केंद्रीय एजेंसियों के सक्रिय सहयोग से सनसनीखेज फिरोजपुर तिहरे हत्याकांड और मादक पदार्थों की तस्करी के कई मामलों में वांछित प्रमुख आरोपी भगोड़े भुवनेश चोपड़ा उर्फ आशीष को गिरफ्तार किया है।’
डीजीपी ने अपने पोस्ट में बताया कि निरंतर अंतरराष्ट्रीय समन्वय के बाद अंततः मध्य एशियाई देश में उसका पता चला, जिसके बाद उसे वहां से निर्वासित कर दिया गया और नयी दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचते ही उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने देश का नाम तुरंत नहीं बताया।’’
डीजीपी ने बताया, ‘भुवनेश चोपड़ा उर्फ आशीष पाकिस्तान से पंजाब में मादक पदार्थों की तस्करी का एक प्रमुख सूत्रधार था और कानून से बचने के लिए विदेश भागने में कामयाब रहा था।’
उन्होंने कहा, ‘मादक पदार्थों की तस्करी के अलावा चोपड़ा फिरोजपुर में अगस्त 2024 में हुए तिहरे हत्याकांड का मुख्य साजिशकर्ता भी रहा है, जिसमें चोपड़ा और पीड़ितों में से एक दिलदीप सिंह के बीच प्रतिद्वंद्विता के बाद एक युवती और दो अन्य लोगों की हत्या कर दी गई थी।’
भाषा
शुभम सुरेश
सुरेश