नई दिल्ली| पाकिस्तान के पंजाब सरकार में मंत्री फैयाज हसन चौहान ने हिंदुओं के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की थी, जिसके बाद उनकी काफी आलोचना हुई। मामले पर विवाद बढ़ा, पार्टी की भी आलोचना होने लगी, मामले को शांत करने के लिए पार्टी ने मंत्री का इस्तीफा ले लिया।
बता दें कि इस्तीफा देने से पहले मंत्री ने सफाई दी कि उन्होंने वो आपत्तिजनक टिप्पणी पाकिस्तान के हिंदुओं को नहीं, बल्कि भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सेना पर निशाना साधा था। हालांकि चौहान ने अपनी टिप्पणी को लेकर माफी मांग ली है। उन्होंने कहा कि मेरी टिप्पणी से यदि पाकिस्तान में हिंदू समुदाय को ठेस लगी है तो मैं माफी मांगता हूं। मेरी टिप्पणी पाकिस्तान के हिंदू समुदाय के खिलाफ नहीं थी। पाकिस्तान तहरीक ए इंसाफ के नेता नईमुल हक ने कहा कि पार्टी की सरकार यह बर्दाश्त नहीं करेगी। मानवाधिकार एवं वित्त मामलों के संघीय मंत्रियों शिरीन मजारी और असद उमर ने भी चौहान की टिप्पणी की निंदा की।
बताते चलें कि पाकिस्तान में सरकारी अनुमान के अनुसार 73 लाख हिंदू रहते हैं। जो पाकिस्तान में सबसे बड़ा अल्पसंख्यक समुदाय है।