‘एआई इम्पैक्ट’ शिखर सम्मेलन के मद्देनजर पीडब्ल्यूडी ने दिल्ली के सौंदर्यीकरण का काम शुरू किया
'एआई इम्पैक्ट' शिखर सम्मेलन के मद्देनजर पीडब्ल्यूडी ने दिल्ली के सौंदर्यीकरण का काम शुरू किया
नयी दिल्ली, नौ फरवरी (भाषा) दिल्ली में आयोजित होने वाले ‘एआई इम्पैक्ट’ शिखर सम्मेलन के मद्देनजर लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने सौंदर्यीकरण और अवसंरचना विकास कार्य तेज कर दिए हैं। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों के मुताबिक ‘एआई इम्पैक्ट’ अंतरराष्ट्रीय शिखर सम्मेलन का आयोजन 15 से 20 फरवरी तक निर्धारित है, इसमें 19 फरवरी को भारत मंडपम में मुख्य उद्घाटन कार्यक्रम के साथ-साथ कई द्विपक्षीय बैठकें भी आयोजित की जाएंगी।
पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों ने बताया कि सड़कों और अन्य क्षेत्रों के सौंदर्यीकरण और हरियाली बढ़ाने के उद्देश्य से फूलदार और बिना फूल वाले पौधों सहित विभिन्न प्रकार के पौधे खरीदे जाएंगे।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में कार्यों के लिए निविदाएं जारी की जा चुकी हैं।
योजना के अनुसार, कई प्रकार के पौधे, जिनमें नारंगी/पीले रंग का गेंदा, साइकस रिवोलुटा, कोनोकार्पस, सुपारी, अराउकेरिया कुकी आदि शामिल हैं, 28,54,283 रुपये की लागत से खरीदे जा रहे हैं।
पिछले महीने, दिल्ली सरकार ने पीडब्ल्यूडी और अन्य नागरिक निकायों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया था कि अंतरराष्ट्रीय आयोजन के लिए की गई व्यवस्थाएं जी20 शिखर सम्मेलन के दौरान निर्धारित मानकों से बेहतर हों।
अधिकारियों ने बताया कि शिखर सम्मेलन के दौरान विभिन्न राष्ट्राध्यक्षों, विदेशी प्रतिनिधियों, प्रमुख अंतरराष्ट्रीय संगठनों के प्रमुखों और एआई क्षेत्र की शीर्ष कंपनियों के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) के अपने परिवारों के साथ दिल्ली आने की उम्मीद है।
एक अन्य अधिकारी ने कहा, ‘‘बागवानी कार्यों के अलावा, पीडब्ल्यूडी 66,58,728 रुपये की लागत से टूटे हुए पुराने रिफ्लेक्टिव साइनेज बोर्ड की मरम्मत करेगा और जहां भी आवश्यक होगा, नए बोर्ड लगाएगा, जिससे जनता के लिए सड़कों पर आवागमन सुगम हो जाएगा।’’
भाषा रवि कांत सुरेश
सुरेश

Facebook


