केरल:यूडीएफ की रैली के समापन समारोह में कल्याणकारी योजनाओं की घोषणा कर सकते हैं राहुल गांधी

Ads

केरल:यूडीएफ की रैली के समापन समारोह में कल्याणकारी योजनाओं की घोषणा कर सकते हैं राहुल गांधी

  •  
  • Publish Date - March 6, 2026 / 09:08 PM IST,
    Updated On - March 6, 2026 / 09:08 PM IST

तिरुवनंतपुरम, छह मार्च (भाषा) कांग्रेस नेता राहुल गांधी शनिवार को केरल में राज्यव्यापी रैली के समापन समारोह में कई कल्याणकारी योजनाओं की घोषणा कर सकते हैं। पार्टी सूत्रों ने यह जानकारी दी।

सूत्रों ने बताया कि इन योजनाओं को संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) के सत्ता में आने पर लागू किया जाएगा।

केरल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष वीडी सतीशन के नेतृत्व में ‘पुथुयुग यात्रा’ पिछले महीने शुरू हुई थी और अब पूरे राज्य का चक्कर लगाने के बाद तिरुवनंतपुरम में समाप्त होगी।

पार्टी सूत्रों के अनुसार, राहुल रैली के समापन समारोह का उद्घाटन करेंगे और लगभग तीन से चार कल्याणकारी योजनाओं की घोषणा कर सकते हैं।

सूत्रों ने बताया, “इन योजनाओं का जोर महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और युवाओं सहित प्रमुख सामाजिक समूहों को सीधे लाभ पहुंचाने पर होगा।’’

यह घोषणा कर्नाटक व तेलंगाना में विधानसभा चुनाव से पहले घोषित और कार्यान्वित की गई इसी तरह की योजनाओं की तर्ज पर की जा सकती है।

पार्टी नेताओं का मानना ​​है कि इन योजनाओं के सफल कार्यान्वयन और दक्षिण भारत के दोनों राज्यों में मिली जन-प्रतिक्रिया ने केरल में भी इसी तरह की घोषणाएं करने के लिए कांग्रेस का आत्मविश्वास बढ़ाया है।

सूत्रों के अनुसार, अतिरिक्त प्रतिबद्धताओं वाला विस्तृत चुनावी घोषणापत्र बाद में जारी किया जाएगा।

भाषा जितेंद्र संतोष

संतोष