प्रधानमंत्री आवास के बाहर राहुल गांधी का प्रदर्शन ‘गैर-जिम्मेदाराना’: तमांग

Ads

प्रधानमंत्री आवास के बाहर राहुल गांधी का प्रदर्शन 'गैर-जिम्मेदाराना': तमांग

  •  
  • Publish Date - July 21, 2026 / 10:17 PM IST,
    Updated On - July 21, 2026 / 10:17 PM IST

गंगटोक, 21 जुलाई (भाषा) सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने मंगलवार को दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आवास के बाहर कांग्रेस नेता राहुल गांधी के विरोध-प्रदर्शन को ‘‘गैर-जिम्मेदाराना’’ और ‘‘निंदनीय’’ करार देते हुए इसकी आलोचना की।

तमांग ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि लोकतंत्र ‘‘राजनीतिक नौटंकी’’ से नहीं, बल्कि जिम्मेदार चर्चा से मजबूत होता है। उन्होंने कहा कि देश के सबसे संवेदनशील और उच्च सुरक्षा वाले क्षेत्र में विरोध-प्रदर्शन करना उचित नहीं है।

तमांग ने कहा कि देश को नेताओं से रचनात्मक भागीदारी की अपेक्षा है, लेकिन इस तरह की कार्रवाई लोकतांत्रिक संस्थाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाती है और अत्यधिक सुरक्षा वाले स्थान से जुड़े सुरक्षा प्रोटोकॉल की अनदेखी करती है।

उन्होंने कहा, ‘‘देश के सबसे संवेदनशील और उच्च सुरक्षा वाले क्षेत्रों में से एक, प्रधानमंत्री के आधिकारिक आवास के बाहर राहुल गांधी का विरोध-प्रदर्शन बेहद गैर-जिम्मेदाराना और निंदनीय है।’’

तमांग ने कहा कि मतभेदों को ‘‘अनावश्यक टकराव’’ के बजाय संसद और संवैधानिक मंचों के माध्यम से व्यक्त किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा, ‘‘भारत का लोकतंत्र इसलिए मजबूत है क्योंकि उसकी संस्थाएं मजबूत हैं। आइए, जिम्मेदारी, संयम और सम्मान के साथ उनकी गरिमा बनाए रखें।’’

भाषा अमित पवनेश

पवनेश