राहुल गांधी का बड़ा हमला, कहा- मोदी देश की नहीं, अनिल अंबानी की चौकीदारी करते हैं
राहुल गांधी का बड़ा हमला, कहा- मोदी देश की नहीं, अनिल अंबानी की चौकीदारी करते हैं
जयपुर। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को राजस्थान में चुनाव अभियान की शुरुआत करते हुए धौलपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि साढ़े चार साल से नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री हैं और राजस्थान में वसुंधराजी सीएम हैं, लेकिन क्या उन्होंने राज्य के लिए कुछ किया। जब केंद्र में हमारी सरकार थी तो हमने लोगों को मनरेगा दिया, 70 हजार करोड़ रुपये का कर्ज माफ किया और इसके अलावा राज्य की अशोक गहलोत सरकार ने राज्य की हालत सुधारी थी। मोदी सरकार ने गरीबों, किसानों और मजदूरों के लिए कुछ नहीं किया।
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि हमारी सरकार ने तो किसानों का 70 हजार करोड़ रुपया माफ किया, लेकिन नरेंद्र मोदी ने अपनी सरकार में हिंदुस्तान के 15-20 अमीरों का साढ़े तीन लाख करोड़ रुपए का कर्जा माफ किया। इनमें विजय माल्या, मेहुल चोकसी और नीरव मोदी का नाम शामिल है। राहुल गांधी ने कहा कि मैं प्रधानमंत्री के दफ्तर में एक बार गया हूं और सिर्फ उनसे किसानों के कर्जमाफी की बात की। मैंने उनके दफ्तर में जाकर कहा कि आप अरबपतियों के प्रधानमंत्री नहीं हो, जब मैंने प्रधानमंत्री से किसान का कर्ज माफ करने की बात कही, लेकिन उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया। वे चुपचाप मुझे देखते रहे।
यह भी पढ़ें :
उन्होंने कहा कि एक तरफ प्रधानमंत्री किसानों का कर्ज माफ नहीं करती हैं, लेकिन नीरव मोदी-मेहुल चोकसी के साथ इनका भाई-भाई का रिश्ता है। नरेंद्र मोदी, मेहुल चोकसी को भाई बुलाते हैं। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री जब चुनाव लड़ रहे थे तो उन्होंने कहा था कि वे प्रधानमंत्री नहीं चौकीदार बनेंगे, लेकिन उन्होंने ये नहीं बताया था कि वो किसकी चौकीदारी करेंगे, नरेंद्र मोदी आज अनिल अंबानी की चौकीदारी करते हैं। राफेल विमान की डील उन्होंने एचएएल से छीन कर अनिल अंबानी को दे दी। इस डील में प्रधानमंत्री ने भ्रष्टाचार किया है। अनिल अंबानी पर 45000 करोड़ रुपए का कर्ज है।
राहुल ने कहा कि अनिल अंबानी के पास राफेल विमान बनाने का कोई अनुभव नहीं था, फ्रांस के साथ हुई डील से 10 दिन पहले ही उनकी कंपनी बनी थी। मोदी सरकार ने फ्रांस को सीधे कहा था कि अगर डील होगी तो अनिल अंबानी की कंपनी के साथ ही होगी। आज प्रधानमंत्री मेरी आंख में आंख नहीं मिला सकते हैं।
यह भी पढ़ें : राजस्थान में फैला जीका वायरस, 22 लोग संक्रमित, बिहार और दिल्ली में फैलने का खतरा
वहीं जीएसटी पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी की सरकार ने ‘गब्बर सिंह टैक्स‘ लागू कर छोटे कारोबारियों को नुकसान पहुंचाया है। इन्होंने मनरेगा का मजाक उड़ाया, जबकि मनरेगा ने गरीबों की मदद की थी। भाजपा वालों ने नारा दिया कि ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ‘ लेकिन यूपी में इनका ही विधायक महिला के साथ बलात्कार करता है और वहां के सीएम उसे बचाते हैं। प्रधानमंत्री ने एक बार भी नहीं कहा कि इसको पार्टी से निकाल दो। राहुल ने कहा कि मैं आपको सच्चा नारा बताता हूं जो है ‘बेटी पढ़ाओ, बीजेपी विधायक से बचाओ‘।
बता दें कि राजस्थान में भी विधानसभा चुनाव होने हैं और यहां 7 दिसंबर को वोट डाले जाएंगे।
वेब डेस्क, IBC24

Facebook


