राहुल, प्रियंका ने केवल अपना राजनीतिक अस्तित्व बनाये रखने के लिए वायनाड का इस्तेमाल किया: भाजपा

राहुल, प्रियंका ने केवल अपना राजनीतिक अस्तित्व बनाये रखने के लिए वायनाड का इस्तेमाल किया: भाजपा

राहुल, प्रियंका ने केवल अपना राजनीतिक अस्तित्व बनाये रखने के लिए वायनाड का इस्तेमाल किया: भाजपा
Modified Date: July 12, 2026 / 07:00 pm IST
Published Date: July 12, 2026 7:00 pm IST

नयी दिल्ली, 12 जुलाई (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने रविवार को आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाद्रा वायनाड में भूस्खलन प्रभावित लोगों का हालचाल जानने तक नहीं पहुंचे।

पार्टी ने यह भी आरोप लगाया कि वे (राहुल और प्रियंका) ‘‘अंशकालिक नेता’’ हैं, जिन्होंने इस निर्वाचन क्षेत्र का इस्तेमाल केवल अपने राजनीतिक अस्तित्व को बनाये रखने के लिए किया है।

वायनाड में सात जुलाई को भूस्खलन की घटना में आठ लोगों की मौत हो गई। यह हादसा अन्नाक्कमपोयिल-मेप्पाडी सुरंग परियोजना स्थल पर हुआ था। इस परियोजना का उद्देश्य वायनाड और कोझिकोड जिलों को जोड़ना है।

भाजपा के आरोपों पर कांग्रेस से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता तुहिन सिन्हा ने वायनाड की वर्तमान सांसद प्रियंका गांधी वाद्रा और इससे पहले लोकसभा सीट का प्रतिनिधित्व करने वाले राहुल गांधी पर आरोप लगाया कि वे प्रभावित परिवारों से मिलने या उनका हालचाल जानने तक नहीं पहुंचे।

सिन्हा ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘वे केवल राजनीतिक पर्यटक हैं। सोशल मीडिया पर संवेदना व्यक्त करने वाली एक पोस्ट के अलावा, उनमें से किसी ने भी प्रभावित परिवारों से संपर्क करने या उनका हालचाल जानने में कोई रुचि नहीं दिखाई है। यह शर्मनाक है और इससे पता चलता है कि वे दोनों अंशकालिक नेता हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘न तो प्रियंका गांधी वाद्रा और न ही राहुल गांधी को निर्वाचन क्षेत्र (वायनाड) का दौरा करने का समय मिला। यह जुलाई, 2024 में हुए उस भूस्खलन के बाद दूसरा बड़ा भूस्खलन है, जिसमें कई लोगों की जान चली गई थी। उस समय भी राहुल गांधी देर से पहुंचे थे और अब भी उन दोनों ने प्रभावित क्षेत्र का दौरा करना जरूरी नहीं समझा है।’’

सिन्हा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं ने वायनाड का ‘अपनी राजनीतिक सुविधा के अनुसार’ इस्तेमाल किया है। उन्होंने कहा, ‘‘सांसद के रूप में, पहले राहुल गांधी और अब प्रियंका गांधी ने केवल राजनीति में खुद को बनाए रखने के लिए इस निर्वाचन क्षेत्र का इस्तेमाल किया है।’’

उन्होंने दावा किया, ‘‘जब राहुल गांधी रायबरेली से जीत गए तो उन्होंने वायनाड को छोड़ दिया। प्रियंका गांधी भी संभवतः उस दिन इस निर्वाचन क्षेत्र को छोड़ देंगी, जिस दिन उन्हें दिल्ली के निकट कोई बेहतर सीट मिल जायेगी।’’

भाषा

देवेंद्र वैभव

वैभव


लेखक के बारे में