बेंगलुरु, सात अप्रैल (भाषा) कर्नाटक लोकायुक्त के अधिकारियों ने मंगलवार को आय से अधिक संपत्ति के आरोप में राज्य भर में आठ सरकारी अधिकारियों के खिलाफ एक साथ छापेमारी की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
लोकायुक्त सूत्रों के अनुसार, सुबह कोडागु, बीदर और मैसूर सहित विभिन्न जिलों और विभागों में तैनात कम से कम आठ अधिकारियों के आवासों और कार्यालयों पर छापे मारे गए।
कोडागु जिले में हरंगी बांध विभाग में तैनात सहायक कार्यकारी अभियंता आई. के. पुट्टास्वामी के परिसरों की तलाशी ली गई।
बीदर में नंदीनगर स्थित ‘कर्नाटक वेटरनरी, एनिमल एंड फिशरीज साइंसेज यूनिवर्सिटी’ (केवीएएफएसयू) के सेवानिवृत्त वित्त नियंत्रक सुरेश के. एल. के खिलाफ यह कार्रवाई की गई।
अधिकारियों ने बताया कि बेल्लारी में मत्स्यपालन विभाग के सहायक निदेशक शिवन्ना के यहां भी छापे मारे गए।
मैसूर में लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता किरण कुमार से जुड़े परिसरों की तलाशी ली गई।
चित्रदुर्ग में सेवानिवृत्त लेखा सहायक सुशीलम्मा और मंगलुरु में सहायक औषधि नियंत्रक बाबू बी. एन. के परिसरों पर भी छापे मारे गए।
इसी तरह शिवमोग्गा में पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की जिला अधिकारी शोभा के. आर. और जिला शहरी विकास प्रकोष्ठ के सहायक कार्यकारी अभियंता अजय सिंह के यहां भी तलाशी ली गई।
लोकायुक्त के एक अधिकारी ने कहा, “आय के ज्ञात स्रोतों से अधिक संपत्ति अर्जित करने के संदेह में कई अधिकारियों के खिलाफ आज सुबह समन्वित अभियान शुरू किया गया।”
उन्होंने बताया कि कई स्थानों पर एक साथ तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
भाषा
प्रचेता अविनाश
अविनाश