जयपुर, 17 जुलाई (भाषा) मध्य रेलवे के ठाकुरबारी और मंकी हिल स्टेशनों के बीच भूस्खलन के कारण रेल यातायात प्रभावित हुआ है। इसका असर राजस्थान से जुड़ी कई यात्री ट्रेनों के संचालन पर भी पड़ा है।
उत्तर पश्चिम रेलवे के एक प्रवक्ता ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि भूस्खलन के कारण गाड़ी संख्या 20495 जोधपुर-हडपसर एक्सप्रेस 18 जुलाई से 24 जुलाई तक रद्द रहेगी। इसी प्रकार, गाड़ी संख्या 20496 हडपसर-जोधपुर एक्सप्रेस 19 जुलाई से 25 जुलाई तक रद्द रहेगी।
प्रवक्ता के अनुसार, इसके अलावा 17 जुलाई को दौंड से रवाना होने वाली गाड़ी संख्या 20992 दौंड-अजमेर एक्सप्रेस परिवर्तित मार्ग से संचालित होगी। यह ट्रेन दौंड-मनमाड-जलगांव-पालधी-सूरत मार्ग से चलेगी।
इसी प्रकार, 23 जुलाई को अजमेर से रवाना होने वाली गाड़ी संख्या 20991 अजमेर-दौंड एक्सप्रेस भी परिवर्तित मार्ग से संचालित होगी। यह ट्रेन सूरत-पालधी-मनमाड होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंचेगी।
भाषा
पृथ्वी रवि कांत