रेलवे ने उत्तर-पश्चिमी दिल्ली में भीड़भाड़ कम करने के लिए दो परियोजनाओं को मंजूरी दी: गुप्ता

Ads

रेलवे ने उत्तर-पश्चिमी दिल्ली में भीड़भाड़ कम करने के लिए दो परियोजनाओं को मंजूरी दी: गुप्ता

  •  
  • Publish Date - May 10, 2026 / 07:39 PM IST,
    Updated On - May 10, 2026 / 07:39 PM IST

नयी दिल्ली, 10 मई (भाषा) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने रविवार को कहा कि रेलवे ने हैदरपुर-बादली रेल ओवरब्रिज (आरओबी) को चौड़ा करने और शालीमार बाग को संजय गांधी ट्रांसपोर्ट नगर से जोड़ने वाले प्रस्तावित ‘एलिवेटेड लूप’ को मंजूरी दे दी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं से उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के इलाकों में यातायात जाम कम करने में मदद मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने एक बयान में कहा कि आउटर रिंग रोड पर स्थित हैदरपुर-बादली आरओबी के चौड़ीकरण से मुकरबा चौक पर यातायात दबाव कम होगा।

उन्होंने बताया कि रेलवे ने शालीमार बाग और संजय गांधी ट्रांसपोर्ट नगर को जोड़ने वाले प्रस्तावित एलिवेटेड लूप को भी मंजूरी दी है।

गुप्ता के अनुसार, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने दोनों परियोजनाओं के लिए आवश्यक प्रस्ताव रेलवे को भेजे थे।

उन्होंने कहा कि विस्तृत अध्ययन के बाद रेलवे ने इन प्रस्तावों को तकनीकी रूप से व्यवहार्य पाया और मंडल रेल प्रबंधक की मंजूरी के साथ सैद्धांतिक अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) जारी कर दिया।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार जताते हुए कहा कि इस तरह की परियोजनाएं राजधानी को ‘विकसित दिल्ली’ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होंगी।

भाषा

राखी नेत्रपाल

नेत्रपाल