राजस्थान के कई हिस्सों में बारिश और ओलावृष्टि
राजस्थान के कई हिस्सों में बारिश और ओलावृष्टि
जयपुर, एक जून (भाषा) राजस्थान के कई हिस्सों में सोमवार को बारिश और ओलावृष्टि हुई, जिससे अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस तक नीचे चला गया और लोगों को गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग ने यह जानकारी दी।
मौसम केंद्र जयपुर के मुताबिक, नागौर, फलौदी, चित्तौड़गढ़ और अजमेर सहित 10 से अधिक जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश दर्ज की गई, जबकि कुछ जगहों पर ओलावृष्टि हुई।
विभाग के अनुसार, सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण राज्य में लगातार आंधी-बारिश की गतिविधियां हो रही हैं।
उसने बताया कि बाड़मेर, जैसलमेर, बीकानेर और श्रीगंगानगर को छोड़कर अधिकांश शहरों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा।
विभाग ने बताया कि सोमवार को फलौदी राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 43.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
राजस्थान में सुबह मौसम साफ रहा, लेकिन दोपहर बाद बादल छा गए और कई जिलों में धूल भरी आंधी आई तथा हल्की से मध्यम बारिश हुई।
मौसम विभाग के मुताबिक, चित्तौड़गढ़ में 20 मिलीमीटर, टोंक के निवाई में 11 मिलीमीटर, अजमेर में 12.6 मिलीमीटर और नागौर में 13 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई।
विभाग ने बताया कि जयपुर में दिन में तापमान 38 डिग्री सेल्सियस रहा, लेकिन शाम में बारिश के बाद इसमें गिरावट आई।
विभाग ने पांच जून तक कई जिलों में आंधी और बारिश की आशंका को लेकर ‘यलो अलर्ट’ जारी किया है।
भाषा
बाकोलिया पारुल
पारुल

Facebook


