हिप्र में 11 और 12 मई को बारिश और तेज हवाएं चलने का अनुमान

Ads

हिप्र में 11 और 12 मई को बारिश और तेज हवाएं चलने का अनुमान

  •  
  • Publish Date - May 6, 2026 / 08:19 PM IST,
    Updated On - May 6, 2026 / 08:19 PM IST

शिमला, छह मई (भाषा) हिमाचल प्रदेश के कुछ स्थानों पर बुधवार को हल्की से मध्यम बारिश हुई जबकि कुछ अन्य स्थानों पर गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी हुई।

स्थानीय मौसम विज्ञान केंद्र ने यह जानकारी दी।

इसके साथ ही शिमला मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार, सोमवार (11 मई) और मंगलवार (12 मई) को राज्य में बारिश होने का अनुमान जताया है, क्योंकि 10 मई से एक नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है।

शिमला, जुब्बरहट्टी, सुंदरनगर, जोत और कांगड़ा उन स्थानों में शामिल हैं जहां गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी हुई।

मंगलवार शाम चार बजे तक पिछले 24 घंटों में संगराह में 31 मिलीमीटर बारिश हुई, उसके बाद शिमला में 18 मिमी, नाहन में 13.2 मिमी, मंडी में 7.6 मिमी, काहू में 7.4 मिमी, बर्थिन में 6.2 मिमी, सराहन में 5.5 मिमी और सोलन, पालमपुर व जटन बैराज में 5.2 मिमी बारिश हुई, जबकि सेओबाग में तेज हवाएं चलीं।

शिमला के ऊपरी इलाके में कुछ छिटपुट स्थानों पर ओलावृष्टि के कारण बागवानी फसलों को नुकसान पहुंचने की भी खबर है।

शिमला मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार, सोमवार (11 मई) और मंगलवार (12 मई) को राज्य में बारिश होने का अनुमान जताया है, क्योंकि 10 मई से एक नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है।

राज्य में 11 और 12 मई को कुछ स्थानों पर गरज के साथ बूंदाबांदी, बिजली चमकने और 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के अनुमान को देखते हुए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है।

ताबो में रात के समय सबसे ज्यादा ठंड रही जहां न्यूनतम तापमान 0.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि उना में दिन के समय सबसे ज्यादा गर्मी रही जहां अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग ने कहा है कि अगले चार से पांच दिनों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में क्रमशः दो से चार डिग्री सेल्सियस और तीन से आठ डिग्री सेल्सियस की क्रमिक वृद्धि होने की संभावना है।

भाषा

शुभम नरेश

नरेश