दिल्ली में बारिश से मिली भीषण गर्मी से राहत
दिल्ली में बारिश से मिली भीषण गर्मी से राहत
नयी दिल्ली, 29 अप्रैल (भाषा) दिल्ली में बुधवार तड़के गरज-चमक के साथ हुई बारिश से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली।
न्यूनतम तापमान मौसम के सामान्य स्तर से नीचे रहा। स्टेशनवार आंकड़ों से पता चलता है कि सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 20.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.4 डिग्री सेल्सियस कम है, जबकि पालम में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.9 डिग्री सेल्सियस कम है।
वहीं लोधी रोड पर 20.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.2 डिग्री सेल्सियस कम है। रिज में 20.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 4.1 डिग्री सेल्सियस कम है और आयानगर में 21.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.3 डिग्री सेल्सियस कम है।
सोमवार की रात शहर में इस साल की पहली ‘गर्म रात’ दर्ज की गई।
मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, गर्म रात परिस्थितियों की घोषणा तब की जाती है जब अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक हो और न्यूनतम तापमान सामान्य से 4.5 डिग्री सेल्सियस से 6.4 डिग्री सेल्सियस अधिक हो।
भारत मौसम विभाग ने ‘येलो’ अलर्ट जारी किया है और गरज के साथ बारिश का पूर्वानुमान जताया है।
मौसम विभाग ने 30 अप्रैल तक गरज के साथ बारिश होने की संभावना जताई है।
बुधवार को अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। मौसम विशेषज्ञों ने दिल्ली के आसपास के इलाकों में बने चक्रवाती परिसंचरण को मौसम में अचानक आए इस बदलाव का कारण बताया है।
दिल्ली की वायु गुणवत्ता ‘खराब’ श्रेणी में दर्ज की गई, जहां वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 245 रहा।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, 0-50 एक्यूआई ‘अच्छा’, 51-100 ‘संतोषजनक’, 101-200 ‘मध्यम’, 201-300 ‘खराब’, 301-400 ‘अत्यंत खराब’ और 401-500 ‘गंभीर’ माना जाता है।
भाषा अमित अविनाश
अविनाश

Facebook


