दिल्ली के कुछ हिस्सों में बारिश, मौसम विभाग ने आंधी-तूफान का अनुमान जताया
दिल्ली के कुछ हिस्सों में बारिश, मौसम विभाग ने आंधी-तूफान का अनुमान जताया
नयी दिल्ली, 16 जून (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी के कुछ हिस्सों में मंगलवार सुबह हल्की बारिश हुई और न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.8 डिग्री कम 25.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा कि अगले दो से तीन घंटे के दौरान पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और उससे सटे पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मेघ गर्जन और 60 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक की रफ्तार से तेज हवा के साथ मध्यम से गंभीर आंधी-तूफान का पूर्वानुमान है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, यह बारिश मध्य पाकिस्तान और उसके आस-पास के क्षेत्रों पर बने एक चक्रवाती परिसंचरण के कारण हुई।
मौसम कार्यालय के मुताबिक, दिल्ली भर में न्यूनतम तापमान सामान्य से कम रहा। पालम में न्यूनतम तापमान सामान्य से 3.8 डिग्री कम 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि लोधी रोड में सामान्य से 4.4 डिग्री कम 23.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
रिज में न्यूनतम तापमान सामान्य से 3.8 डिग्री कम 23 डिग्री सेल्सियस और आयानगर में सामान्य से 2.3 डिग्री कम 23.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
आईएमडी के अनुसार, अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
यह मौसमी गतिविधि अगले दो दिन तक जारी रहने की उम्मीद है, जिसमें आईएमडी ने पूरे क्षेत्र में हल्की से मध्यम बारिश के साथ आंधी-तूफान का अनुमान जताया है।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, मंगलवार सुबह नौ बजे दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 148 दर्ज किया गया जो ‘मध्यम’ श्रेणी में आता है।
सीपीसीबी के अनुसार, शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को ‘अच्छा’, 51 और 100 को ‘संतोषजनक’, 101 और 200 को ‘मध्यम’, 201 और 300 को ‘खराब’, 301 और 400 को ‘बहुत खराब’ तथा 401 और 500 को ‘गंभीर’ माना जाता है।
भाषा खारी शोभना
शोभना

Facebook


