राजा रवि वर्मा के यशोदा और कृष्ण तैलचित्र सैफ्रोनार्ट की नीलामी में आकर्षण का केंद्र

राजा रवि वर्मा के यशोदा और कृष्ण तैलचित्र सैफ्रोनार्ट की नीलामी में आकर्षण का केंद्र

राजा रवि वर्मा के यशोदा और कृष्ण तैलचित्र सैफ्रोनार्ट की नीलामी में आकर्षण का केंद्र
Modified Date: March 17, 2026 / 07:58 pm IST
Published Date: March 17, 2026 7:58 pm IST

नयी दिल्ली, 17 मार्च (भाषा) राजा रवि वर्मा की दुर्लभ ‘यशोदा और कृष्ण’ पेंटिंग, 8वीं शताब्दी की बुद्ध की कश्मीरी मूर्ति, और एम एफ हुसैन की ‘अंटाइटल्ड (बनारस)” जैसी कृतियां सैफ्रोनार्ट की ‘स्प्रिंग लाइव’ और ऑनलाइन नीलामी में प्रमुख आकर्षण होंगे।

नीलामी घर ने घोषणा की है कि वह ‘पूर्व-आधुनिक और आधुनिक भारतीय कला के सावधानीपूर्वक चयनित संग्रह को एक साथ पेश करेगा, जो शताब्दियों से चली आ रही कलात्मक परंपरा का व्यापक निरंतर प्रवाह दर्शाता है।

इस नीलामी का केंद्र आधुनिक भारतीय कला के विकास को आकार देने वाली कलाकृतियों का समूह है और दुर्लभ प्राचीन कलाकृतियों, मूर्तियों और समकालीन कलाकृतियों को भी नीलामी में शामिल किया गया है।

सूची में राजा रवि वर्मा, एम एफ हुसैन, एस एच रजा, एफ एन सूजा की प्रमुख कृतियां शामिल हैं।

राजा रवि वर्मा के 1890 के दशक के तैलचित्र में यशोदा को गाय का दूध निकालते हुए दिखाया है, जबकि बाल कृष्ण दूध के गिलास के लिए पीछे से हाथ बढ़ा रहे हैं।

तैलचित्र की अनुमानित कीमत 80-120 करोड़ रुपये है।

सैफ्रोनआर्ट के सीईओ और सह-संस्थापक दिनेश वजरानी ने कहा कि वर्मा की कृति ‘यशोदा और कृष्ण’ एक भावपूर्ण ध्यानमग्न रचना है।

उन्होंने कहा, ‘हम अपनी ‘स्प्रिंग लाइव’ और ऑनलाइन नीलामी में आधुनिक और समकालीन कला, मूर्तिकला और प्राचीन वस्तुओं की एक विस्तृत श्रृंखला पेश करते हुए बेहद प्रसन्न हैं। राजा रवि वर्मा की असाधारण कृति ‘यशोदा और कृष्ण’ को पहली बार नीलामी में शामिल करना हमारे लिए सौभाग्य की बात है।’

वहीं, हुसैन की ‘अनटाइटल्ड” कृति की अनुमानित कीमत 10-15 करोड़ रुपये है। इसमें वाराणसी शहर का चित्रण किया गया है। यह भव्य कृति वाराणसी के ऐतिहासिक घाटों पर रोजमर्रा की जिंदगी से हुसैन के जुड़ाव को दर्शाती है।

बुद्ध की एक दुर्लभ प्रारंभिक कश्मीरी कांस्य मूर्ति भी नीलामी में आकर्षण का केंद्र है, जो पहले प्रसिद्ध संग्राहक नलिनी और हरिदास स्वाली के संग्रह में थी। इस मूर्ति की अनुमानित कीमत 3 से 5 करोड़ रुपये है।

भाषा जोहेब पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में